Viral

लखनऊ में सपा विधायक के सरकारी आवास में चोरी, सोशल मीडिया मैनेजर ने ही उड़ाई महंगी डिवाइस, FIR दर्ज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लखनऊ मध्य (सेंट्रल) से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा के सरकारी आवास में हुई चोरी की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। चोरी का यह आरोप किसी बाहरी पर नहीं, बल्कि विधायक का सोशल मीडिया कामकाज संभालने वाले उनके ही मैनेजर अरिहंत जैन पर लगा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में थाना हुसैनगंज पुलिस ने विधायक की तहरीर पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है।

Khabar Monkey

लखनऊ में सपा विधायक के सरकारी आवास में चोरी, सोशल मीडिया मैनेजर ने ही उड़ाई महंगी डिवाइस, FIR दर्ज
लखनऊ में सपा विधायक के सरकारी आवास में चोरी, सोशल मीडिया मैनेजर ने ही उड़ाई महंगी डिवाइस, FIR दर्ज

योजना के तहत उड़ाई महंगी डिवाइस

जानकारी के मुताबिक, सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा का सरकारी आवास रॉयल होटल-4 के फ्लैट नंबर 31 और 32 में स्थित है। विधायक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि अरिहंत जैन नाम का युवक उनके सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और व्हाट्सएप का संचालन करता था। कामकाज को बेहतर और आधुनिक तरीके से करने का हवाला देते हुए आरोपी ने हाई क्वालिटी कंप्यूटर, लैपटॉप और एक आईफोन-17 (iPhone-17) की जरूरत बताई थी। इसके बाद विधायक की तरफ से उसे काम के लिए दो उच्च क्षमता वाले कंप्यूटर और एक आईफोन-17 मुहैया कराया गया था।

सीसीटीवी तोड़कर सामान ले उड़े आरोपी

एफआईआर में लगाए गए आरोपों के मुताबिक, 21 और 22 मई 2026 की दरमियानी रात को अरिहंत जैन कमरे की चाबी लेकर बिना किसी को बताए वहां से फरार हो गया। जब विधायक ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, तो उसका फोन कभी बंद तो कभी चालू बताने लगा। संदेह गहराने पर विधायक ने फ्लैट नंबर 32 का ताला दूसरी चाबी से खुलवाया, तो अंदर से दोनों कंप्यूटर और महंगा आईफोन-17 गायब था।

फुटेज में कैद हुई करतूत, पुलिस कर रही तलाश

चोरी का पता चलने पर जब आवास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो सारी सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में मुख्य आरोपी अरिहंत जैन अपने दो अन्य साथियों के साथ कमरे से सारा सामान निकालकर एक चार पहिया वाहन में रखते हुए साफ नजर आ रहा है। साजिश के तहत आरोपियों ने आवास के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया था, ताकि गाड़ी का नंबर रिकॉर्ड न हो सके। हालांकि, अन्य कैमरों में गाड़ी आवास से निकलकर बटलर चौराहे की ओर जाती दिखी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया है और मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply