शरीर में बढ़ रही बीमारियों का बड़ा कारण खराब लाइफस्टाइल और डाइट है। इससे डायबिटीज, फैटी लिवर और हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या तेजी से बढ़ रही है। कई बार लोगों को फैटी लिवर और हाई कोलेस्ट्रॉल दोनों साथ में होते हैं। ये सुनने में भले ही अलग-अलग बीमारी लगें, लेकिन दोनों आपस में जुड़ी हुई हैं। ये आपके खराब मेटाबॉलिज्म की ओर संकेत है। लिवर शरीर का फिल्टर है जो केमिकल और खराब फैट को बाहर निकालता है। लेकिन जब लिवर में फैट बढ़ जाता है तो ये खून में गंदे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने लगता है। इसके लिए सिर्फ तेल मसालेदार खाना छोड़ने से कुछ नहीं होगा। बल्कि आपको हेल्दी डाइट और कुछ आयुर्वेदिक दवाएं साथ में अपनानी होंगी। आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा ने बताया कि आपको अपने मेटाबॉलिज्म को तेज करने पर काम करना होगा। जिससे लिवर का काम बेहतर हो सके।

फैटी लिवर और हाई कोलेस्ट्रॉल में क्या खाएं?
ऐसे लोगों को खाने में साबुत अनाज, पुराना चावल, जौ, ओट्स, ज्वार, रागी की रोटियां खानी चाहिए। सब्जियों में आपको हरी सब्जियां जैसे करेला, लौकी, तरोई, पालक, परवल को कम तेल में पकाकर खाना चाहिए। फलों में आपको पपीता, सेब, नाशपाती, जामुन, अमरुद, कीवी खाना चाहिए। फैट बहुत कम मात्रा में शुद्ध देसी गाय का घी और बिना पकाए यानि ऊपर से ऑलिव ऑयल खा लें। पीने में गुनगुना पानी, धनिए का पानी, नींबू पानी, पतली ताजा मसाला छाछ पीएं।
फैटी लिवर और हाई कोलेस्ट्रॉल में क्या नहीं खाएं?
आपको बाहर का खाना, मैदा, नया सफेद चावल, वाइट ब्रेड, पैकेटबंद नूडल्स खाने से परहेज करना चाहिए। ज्यादा भारी और बासी सब्ज़ियां खाने से बचें। इसके साथ ही कच्चा प्याज, कटहल और ज्यादा आलू न खाएं। बहुत ज्यादा पके और मीठे फल जैसे केला, आम, चीकू, डिब्बाबंद मीठे जूस न पीएं। रिफाइंड ऑयल, डालडा, ट्रांस फैट्स, डीप फ्राई की हुई गरिष्ठ चीज़ें खाने से बचें। कोल्ड ड्रिंक्स, बर्फ का पानी, शराब, कड़क कॉफी पीने से भी बचें।
फैटी लिवर और हाई कोलेस्ट्रॉल का आयुर्वेदिक इलाज
त्रिफला- ऐसे लोगों को आंतों को साफ रखना जरूरी है। इससे लिवर डिटॉक्स होता है और पाचन बेहतर होता है। रात में 1 चम्मच त्रिफला गुनगुने पानी के साथ लें। इससे शरीर की गंदगी निकल जाएगी और लिवर अच्छा काम करेगा।
Khabar Monkey
गिलोय- आयुर्वेद में गिलोय को बहुत फायदेमंद माना जाता है। गिलोय का सेवन करने से लिवर की सूजन कम होती है। इससे इम्युनिटी बढ़ती है और लिवर मजबूत बनता है।
धनिया पानी- लिवर के मरीज के लिए धनिए का पानी पीना भी फायदेमंद है। इससे मेटाबॉलिज्म में सुधार आता है। लिवर में जमा फैट कम होता है और गर्मी शांत होती है। रात में 1 गिलास पानी में धनिए के बीज डालकर भिगो दें और सुबह इस पानी को छानकर पी लें।
गुग्गुल- आयुर्वेद में गुग्गल को नसों में जमे हुए ज़िद्दी कोलेस्ट्रॉल को निकालने में असरदार माना जाता है। शुद्ध गुग्गुल खाने से हार्ट हेल्थ में भी सुधार आता है।
कुटकी- लिवर में जमा होने वाले फैट और टॉक्सिन्स को निकालने में कुटकी मदद करता है। ये लिवर के लिए खास फायदेमंद मानी जाने वाली औषधि है। इससे बढ़े हुए SGOT/SGPT का लेवल भी नॉर्मल हो जाता है।
|
|
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)





