
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीबोगरीब और चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक शख्स मछली की सफाई का ऐसा तरीका बता रहा है जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. फिश फ्राई बनाने से पहले उसने मछली को साबुन से रगड़-रगड़ कर धो डाला. बदबू हटाने के लिए किया गया यह तरीका अब पूरे इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है.
वीडियो में दिख रहा है कि शख्स ने ताजी मछली ली, उसे साबुन का टुकड़ा लगाया और फिर जोर-जोर से रगड़ना शुरू कर दिया. मछली को बार-बार साबुन लगाकर स्क्रब किया जा रहा है, उसके बाद पानी से धोया जा रहा है. शख्स का कहना है कि मछली की तेज बदबू को दूर करने के लिए यह सबसे अच्छा तरीका है. वीडियो देखने वाले लोग पहले तो हंस पड़े लेकिन बाद में कई लोगों को चिंता होने लगी.
ये कैसी सफाई
आमतौर पर मछली को सिर्फ पानी से धोया जाता है. इससे उसमें मौजूद गंदगी हटा दी जाती है. लेकिन शख्स ने तो साबुन से मछली की डीप क्लीनिंग कर दी. कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा, “भाई साबुन से मछली धो रहे हो, क्या खाने लायक बचेगी भी?” दूसरे ने कहा, “यह तो जहर खाने जैसा है, साबुन के केमिकल मछली में घुस जाएंगे.” कुछ लोगों ने इसे क्रिएटिव तरीका बताया और कहा कि बदबू हटाने के लिए कई लोग अलग-अलग घरेलू नुस्खे आजमाते हैं, लेकिन साबुन वाला तरीका पहली बार देखा है.
क्या सही है तरीका?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि मछली को साबुन से धोना बिल्कुल सही नहीं है. साबुन में मौजूद केमिकल और सुगंध वाले तत्व मछली के ऊतकों में जा सकते हैं जो खाने के बाद पेट संबंधी समस्याएं पैदा कर सकते हैं. डॉक्टरों की सलाह है कि मछली को साफ पानी, नमक, हल्दी या नींबू से धोना चाहिए. इनसे ना सिर्फ बदबू कम होती है बल्कि बैक्टीरिया भी मरते हैं. वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग अपनी राय रख रहे हैं. एक महिला यूजर ने लिखा, “मैं तो मछली बनाती हूं तो सिर्फ नमक और सिरके से धोती हूं. साबुन लगाना तो पागलपन है.” एक शेफ ने कमेंट किया, “प्रोफेशनल किचन में कभी भी साबुन का इस्तेमाल नहीं करते. यह खाने की सुरक्षा के खिलाफ है.” विशेषज्ञ इसे गलत बता रहे हैं. यह वीडियो खाने की सफाई और कुकिंग हैक्स को लेकर नई बहस शुरू कर गया है. भारत में मछली खाने वाले लाखों लोग हैं, खासकर बंगाल, ओडिशा, केरल और तटीय इलाकों में मछली रोजाना की थाली का हिस्सा होती है. ऐसे में सही सफाई का तरीका जानना बहुत जरूरी है.
सामान्य तरीके से मछली साफ करने के टिप्स:
ठंडे पानी में अच्छे से धोएं
नमक छिड़ककर 10 मिनट रखें
नींबू या सिरका लगाकर बदबू कम करें
हल्दी लगाकर भी दुर्गंध जाती है





