Firozabad car accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में भीषण हादसा हुआ है. यहां विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों के बीच उस समय चीखपुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार ने दो अलगअलग जगहों पर लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है.

रविवार रात पूर्णिमा के अवसर पर छटनपुर गांव में टेशूझांझी के विवाह की रस्म पूरी होने के बाद ग्रामीण विसर्जन के लिए निकले थे. इसी दौरान आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर से आई एक स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी. अचानक हुई इस घटना में कई लोग घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. मौके पर चीखपुकार मच गई और लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय आगे निकल गया. ग्रामीणों ने कार का पीछा किया. इसी दौरान लेबर कॉलोनी के पास भी उसी कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी. इसके बाद कार नसीरपुर क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी.
ग्रामीणों ने कार को घेरा
लगातार दो जगहों पर लोगों को टक्कर मारने की घटना से ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया. पीछा करते हुए ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने उनकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में चार लोगों की मौत, परिवारों में मातम
अस्पताल में डॉक्टरों ने दीपिका , आकांक्षा, अंजली और हरीश उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में तीन किशोरियां और एक युवक शामिल हैं. हादसे में आकांक्षा और अंजली की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना की खबर गांव में पहुंचते ही परिजनों और परिचितों में शोक छा गया.
हादसे में घायल लोगों में गन्नू, सुरेशना, पूजा, मोहिनी, सुमन और उसकी बेटी गोलू समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं. कार में सवार इरफान पुत्र अली खान, इरफान पुत्र सगीर और देवेश के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों की संख्या को लेकर शुरुआती जानकारी में अंतर है. एक ओर 14 लोगों के घायल होने की बात कही गई है, जबकि दूसरी ओर आठ घायलों का जिक्र है.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. लोग अपनों की हालत जानने के लिए परेशान रहे. मृतकों के परिवारों का रोरोकर बुरा हाल है.
टेशूझांझी का विवाह क्या है?
टेशूझांझी का विवाह उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के कुछ इलाकों में प्रचलित एक पारंपरिक लोक परंपरा है. इसमें टेशू को दूल्हे और झांझी को दुल्हन के रूप में सजाकर दोनों का प्रतीकात्मक विवाह कराया जाता है. यह परंपरा खासकर दशहरा से शरद पूर्णिमा के आसपास देखने को मिलती है. इस दौरान बच्चे लोकगीत गाते हैं और शादी की रस्में निभाते हैं. विवाह के बाद टेशूझांझी का विसर्जन किया जाता है.