उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे वे पर शनिवार को बड़ा हादसा हुआ है. इसमें डिवाइडर से टकराकर एक कार पलट गई. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा आजमगढ़ के सगड़ी तहसील क्षेत्र में तहबरपुर थाना क्षेत्र में ओहनी गांव के पास हुआ. हादसे में मृत दोनों लोगों की पहचान पड़ोसी जिले मऊ के घोसी थाना क्षेत्र में रहने वाले पिता पुत्र के रूप में हुई है.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इनमें एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद आने के रूप में सामने आया है. सीओ सगड़ी देशराज सिंह के मुताबिक मृतकों की पहचान मऊ जिले में घोसी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के रहने वाले शादाब और उसके पिता खुर्शीद अहमद के रूप में हुई है.
दिल्ली से घर लौट रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक कार शादाब चला रहे थे. वह सिविल इंजीनियर थे और दिल्ली में रहकर किसी कंपनी में काम करते थे. वह अपने परिवार के साथ गांव में किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से घर जा रहे थे. कार में शादाब के पिता के अलावा पत्नी आसमां बानो , बेटी मायरा और बेटा अदनान अहमद भी थे. ये तीनों बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं. इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सामने आया सीसीटीवी फुटेज
पुलिस के मुताबिक इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इससे पता चलता है कि कार लहराते हुए पहले दाहिनी ओर डिवाइडर से टकराई और देखते ही देखते पलट गई. चूंकि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि हादसे के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के कुछ ही देर बाद मौके पर यूपीडा की रेस्क्यू दस्ता और पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने शादाब और खुर्शीद अहमद को मृत घोषित कर दिया.