पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) एस. एन. सुब्रमण्यन के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में राज्य में औद्योगिक संभावनाओं और बड़े निवेश को आकर्षित करने के तरीकों पर चर्चा हुई। शुभेंदु अधिकारी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनकी सुब्रमण्यन के साथ कोलकाता एयरपोर्ट पर करीब 30 मिनट की एक सकारात्मक और सार्थक बैठक हुई, जिसमें पश्चिम बंगाल के औद्योगिक पुनरुत्थान पर चर्चा की गई।

युवाओं के लिए सार्थक रोजगार के अवसर सृजित करने की हो रही कोशिशें
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने औद्योगिक विकास के लिए एक मजबूत तंत्र विकसित करने, बड़े निवेश आकर्षित करने और आर्थिक वृद्धि को गति देने के तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, ताकि राज्य के युवाओं के लिए सार्थक रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें।”
बंगाल में नए निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर फोकस
पिछले महीने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले अधिकारी ने कहा, “पश्चिम बंगाल में अपार संभावनाएं हैं और औद्योगिक दिग्गजों के साथ रणनीतिक सहयोग राज्य के आर्थिक परिदृश्य को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।” ये बैठक ऐसे समय में हुई है जब राज्य सरकार पश्चिम बंगाल में नए निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिशों में जुटी हुई है।
पीएम मोदी ने एलएंडटी प्लांट का किया था दौरा
बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ही गुजरात के सूरत में हजीरा स्थित लार्सन एंड टुब्रो के प्लांट का दौरा किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने एलएंडटी के एडवांस्ड मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट ए. एम. नाइक हेवी इंजीनियरिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें वहां जारी अलग-अलग निर्माण गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को प्लांट में बनने वाले ‘जोरावर’ टैंक और अन्य रक्षा उपकरणों के बारे में भी जानकारी दी गई। ‘जोरावर’ टैंक को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और एलएंडटी डिफेंस ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।
Khabar Monkey
तमिलनाडु के साथ ₹18,600 करोड़ की लागत वाली 3 परियोजनाओं के लिए एमओयू पर किए हस्ताक्षर
इससे पहले, गुरुवार को एलएंडटी ने तमिलनाडु सरकार के साथ 18,600 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन परियोजनाओं के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और एलएंडटी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एस. एन. सुब्रह्मण्यन भी उपस्थित रहे। विजय के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद ये पहला औद्योगिक समझौता है।












