Khagaria News: बिहार में 2021 बैच के IPS अधिकारी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है. पत्नी की ओर से प्रताड़ना, मारपीट, जबरन तलाक के कागजात पर दस्तखत कराने के दबाव और 6 साल की बेटी विभा से दूर रखने जैसे गंभीर आरोपों के बाद बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत भानु प्रताप सिंह को खगड़िया के पुलिस अधीक्षक पद से तुरंत प्रभाव से हटाकर पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित कर दिया गया है.

पत्नी पूजा सिंह ने पटना के गर्दनीबाग महिला थाने में पति भानु प्रताप सिंह, ससुर उत्तम सिंह, ननद जयमाला देवी और ननदोई भीम सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है. पूजा सिंह का आरोप है कि 2025 में ससुर और ननद घुमाने के बहाने 6 वर्षीय बेटी विभा सिंह को ले गए थे और पिछले 89 महीनों से उन्हें अपनी मासूम बच्ची से मिलने नहीं दिया जा रहा है.
दोनों की मुलाकात 2015 में कोलकाता में हुई थी और जनवरी 2017 में प्रेम विवाह हुआ था. पत्नी का आरोप है कि 2021 में भानु प्रताप सिंह के IPS बनने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आ गया.
मुख्यमंत्री आवास से पुलिस मुख्यालय तक पहुंची लड़ाई
न्याय और बेटी से मिलने की मांग को लेकर पूजा सिंह 1 और 2 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास पहुंची थीं. इसके बाद पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों व ADG मुख्यालय अनुपम की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत भी हुई. इससे पहले पूजा सिंह 3 नवंबर को खगड़िया के संसारपुर स्थित SP आवास के बाहर धरने पर भी बैठी थीं. बिहार राज्य महिला आयोग ने 26 अक्टूबर को ही मामले पर संज्ञान लेते हुए IPS भानु प्रताप सिंह को समन जारी कर जवाब मांगा था.
खगड़िया, शिवहर और छपरा में नए एसपी तैनात, फेरबदल की सूची
खगड़िया में भानु प्रताप सिंह की जगह शिवहर के SP शैलेनद्र सिंह को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है. मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को पदोन्नत कर शिवहर का नया एसपी बनाया गया है. प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज किशोर को छपरा का नया सिटी एसपी नियुक्त किया गया है.