दिल्लीNCR में बढ़ता प्रदूषण चिंता का विषय बन गया है. इस प्रदूषण का सबसे ज्यादा खतरा बीमारियों से जूझ रहे लोगों और बच्चों को है. इसी को ध्यान में रखते हुए नोएडाग्रेटर नोएडा में कक्षा 5वीं तक के बच्चों के लिए स्कूलों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में अनिवार्य कर दी गई है. दिल्लीएनसीआर में GRAP3 लागू होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है. आदेश में कहा गया है कि यह नया नियम जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा.

आदेश के मुताबिक, कक्षा 5वीं तक के बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई का विकल्प देना होगा. जहां ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है, वहां ऑनलाइन कक्षाएं भी संचालित करनी होंगी. स्कूलों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों को आदेश का शतप्रतिशत पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं और साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना या लापरवाही पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. यह आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने जारी किया है.
15 नवंबर तक NCR में बारिश की उम्मीद नहीं
माना जा रहा है कि दिल्लीNCR में एयर पॉल्यूशन का संकट आने वाले दिनों में भी बना रह सकता है, क्योंकि बारिश की कोई उम्मीद नहीं है. इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट ने 10 से 15 नवंबर के बीच एनसीआर में बारिश न होने का अनुमान लगाया है, जिससे जहरीली हवा से राहत मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है.
‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची दिल्ली की हवा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली की वायु गुणवत्ता बुधवार को बिगड़कर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक 303 दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों से यह जानकारी मिली. दिवाली के बाद राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाए जाने की घटनाएं भी वायु गुणवत्ता में गिरावट की एक वजह हैं.
डॉक्टरों ने क्या दी है सलाह?
राष्ट्रीय राजधानी के भीषण प्रदूषण की चपेट में रहने के बीच डॉक्टरों ने दिल्ली वासियों को घर से बाहर निकलते समय सही तरीके से एन95 मास्क लगाने, सुबह और शाम की सैर से बचने, व्यायाम घर के अंदर करने और घर में वायु शोधक लगाने की सलाह दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खासतौर पर बच्चों, 60 साल से अधिक उम्र के लोगों और पहले से ही सांस, हृदय और गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि वो प्रदूषित हवा के प्रभाव के प्रति अधिक संवेदनशील हैं.