Nepal Flash Flood Live Updates: नेपाल में 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी के जलप्रलय ने ऐसा तांडव मचाया है कि इंसानों की बस्तियां उजड़ गईं और परिंदों के आशियाने तक तिनके की तरह बह गए. इस त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर 359 हो चुकी है. सैकड़ों जिंदगियां अब भी लापता हैं. नेपाल में मची तबाही के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय की बहू शर्मिष्ठा भौमिक रॉय लापता हो गई हैं. शर्मिष्ठा 21 अगस्त को एक ट्रैवल एजेंसी के 32 सदस्यीय दल के साथ कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर नेपाल गई थीं. पति शुवरांग्शु रॉय से उनकी आखिरी बार फोन पर बात 25 अगस्त की रात को हुई थी. इसके बाद नेपाल में आए भीषण जलप्रलय के बाद से उनसे संपर्क पूरी तरह टूट चुका है.
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच एक राहत की खबर भी आई है. काठमांडू में फंसे नागपुर के 106 भारतीय यात्रियों की सुरक्षित वतन वापसी शुरू हो गई है. ये सभी काठमांडू से यात्री मिनी बसों के जरिए बिहार के दानापुर के लिए रवाना हो चुके हैं और शुक्रवार सुबह जनकपुरबिहार बॉर्डर पहुंचेंगे. दानापुर पहुंचने के बाद इन सभी नागरिकों को विशेष ट्रेन व्यवस्था के जरिए सुरक्षित उनके गृह नगर नागपुर भेजा जाएगा.
स्थानीय मीडिया ‘द काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्टों के अनुसार यह संख्या 359 तक पहुंच चुकी है. तिब्बत क्षेत्र में भी 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. नेपाल और तिब्बत को मिलाकर करीब 1,500 लोग लापता हैं. सिर्फ नेपाल में 32 देशों के लगभग 525 विदेशी पर्यटकों सहित 900 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि चीनी मीडिया के अनुसार तिब्बत में 550 से अधिक लोग संपर्क से बाहर हैं.
संकट की इस घड़ी में भारत ने पड़ोसी धर्म निभाते हुए युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया है और अब तक 47.5 टन विशेष राहत सामग्री प्रभावित इलाकों में पहुंचा दी है. पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर एयरलिफ्ट किया जा रहा है.