नवरात्रि के दौरान इस बार वाहन मार्केट में मिलीजुली तस्वीर देखने को मिली. एक तरफ गाड़ियों की कुल बिक्री में गिरावट आई, तो दूसरी तरफ इलेक्ट्रिक वाहनों को ग्राहकों का अच्छा साथ मिला. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन्स के आंकड़ों के मुताबिक, नवरात्रि 2026 में पिछले साल के मुकाबले वाहनों की बिक्री कम रही. हालांकि, EV की मांग में तेजी से पता चलता है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की ओर लोगों का रुझान बढ़ रहा है.

FADA की रिपोर्ट के मुताबिक, 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 के बीच देश में कुल 11,23,086 वाहनों की रिटेल सेल हुई. नवरात्रि 2025 में इसी दौरान 12,01,479 वाहन बिके थे. इस तरह सालाना आधार पर कुल सेल में 6.52% की कमी दर्ज की गई. FADA ने बताया कि पिछले साल का त्योहारी सीजन GST 2.0 लागू होने के समय से मेल खा गया था. इसके चलते पहले से टली हुई गाड़ियों की खरीदारी अचानक बढ़ गई थी. इस बार तुलना पिछले साल की इसी बढ़ी हुई बिक्री से होने के कारण गिरावट दिखाई दे रही है. वहीं, नवरात्रि 2024 के मुकाबले तस्वीर बेहतर है. उस साल 10 दिनों में 8,85,998 वाहन बिके थे. इसके मुकाबले 2026 में बिक्री 26.76% ज्यादा रही.
कार और बाइक की सेल में आई कमी
नवरात्रि 2026 में दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी गिरावट देखने को मिली. इस दौरान 8,34,075 दोपहिया वाहन बिके, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 8,58,027 था. यानी बिक्री 2.79% कम रही. पैसेंजर वाहनों की बिक्री में गिरावट और ज्यादा रही. 2025 में जहां 2,34,004 पैसेंजर वाहन बिके थे, वहीं इस साल इनकी संख्या घटकर 1,82,728 रह गई. यह 21.91% की कमी है. कुल वाहन बिक्री में आई गिरावट के पीछे इस सेगमेंट की कम बिक्री एक बड़ी वजह रही.
थ्रीव्हीलर की बिक्री भी सालाना आधार पर 7.51% घटकर 45,735 यूनिट रह गई. पिछले साल इसी अवधि में 49,450 थ्रीव्हीलर बिके थे. दूसरी ओर, कमर्शियल वाहनों की बिक्री में हल्की बढ़त दर्ज हुई. इनकी बिक्री 1.12% बढ़कर 35,618 यूनिट पहुंच गई. ट्रैक्टर की बिक्री 0.89% बढ़कर 22,690 यूनिट रही. वहीं, पहियों वाले निर्माण उपकरणों की बिक्री 1.97% घटकर 2,240 यूनिट रह गई.
इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री में 26.78% की बढ़त
कुल वाहन बाजार में गिरावट के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री ने अलग तस्वीर पेश की. में कुल 1,17,437 EV बिके, जबकि पिछले साल यह संख्या 92,628 थी. यानी इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 26.78% की बढ़ोतरी हुई. नवरात्रि 2024 के मुकाबले भी EV की बिक्री 83.06% ज्यादा रही.
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग सबसे ज्यादा रही. इनकी 75,758 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल की 56,787 यूनिट से 33.41% अधिक हैं. इलेक्ट्रिक थ्रीव्हीलर की बिक्री 10.51% बढ़कर 28,086 यूनिट पहुंच गई. वहीं, इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों की 12,305 यूनिट बिकीं, जो सालाना आधार पर 25.97% की बढ़त है.इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की बिक्री में सबसे तेज प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज हुई. इनकी बिक्री पिछले साल की 657 यूनिट से 96.04% बढ़कर 1,288 यूनिट हो गई.
FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर के मुताबिक, नवरात्रि 2026 के दौरान कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी करीब 10.5% रही. पिछले साल यह लगभग 7.7% थी. यानी कुल बिक्री घटने के बावजूद वाहन बाजार में EV की हिस्सेदारी बढ़ी है.