भारतीय शेयर बाजार के सबसे बड़े एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के शेयरों में जबरदस्त तेजी का सिलसिला जारी है. लगातार दूसरे कारोबारी दिन इसके शेयर रॉकेट की रफ्तार से भागे. बीएसई पर इंट्राडे कारोबार के दौरान ये शेयर 3.55% उछलकर ₹2,400.00 के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. फिलहाल ये 2.52% की बढ़त के साथ ₹2,376.00 के भाव पर कारोबार कर रहा है. इस शानदार तेजी के दम पर एनएसई का मार्केट कैप करीब ₹6 लाख करोड़ पहुंच गया है.

दुनिया के दिग्गज एक्सचेंजों को छोड़ा पीछे
इस ऐतिहासिक उछाल के साथ एनएसई ने वैश्विक बाजार में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. मार्केट वैल्यू के हिसाब से इसने $63.4 अरब वाले Deutsche Boerse AG को पीछे छोड़ दिया है. साथ ही $62.4 अरब की वैल्यू वाले लंदन स्टॉक एक्सचेंज को भी पछाड़ दिया. अब दुनिया में एनएसई से आगे सिर्फ दो ही एक्सचेंज बचे हैं. पहले नंबर पर $111.6 बिलियन की मार्केट वैल्यू के साथ CME ग्रुप इंक है. दूसरे नंबर पर $99.4 बिलियन की वैल्यू के साथ इंटरनेशनल एक्सचेंज का नाम आता है.
निचले स्तर से एक महीने में 46% की रिकवरी
एनएसई के शेयरों का अब तक का सफर काफी दिलचस्प रहा है. आईपीओ के समय निवेशकों को ये शेयर ₹1,785 के भाव पर जारी किए गए थे. घरेलू स्टॉक मार्केट में इसकी एंट्री 24 सितंबर 2026 को ₹1,800 के स्तर पर हुई थी. लिस्टिंग के बाद शेयर में थोड़ी उठापटक देखने को मिली. अगले ही महीने 23 अक्टूबर 2026 को ये बीएसई पर गिरकर ₹1,640.25 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था.
लेकिन इस निचले स्तर से शेयर ने तेजी से रिकवरी की. महज एक महीने के भीतर ये 46.32% चढ़कर 26 नवंबर 2026 को ₹2,400.00 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया. पिछले महीने अक्टूबर में इसमें 34% की बढ़त देखी गई थी. वहीं नवंबर महीने के अब तक के 18 कारोबारी दिनों में से 14 दिन ये मजबूती के साथ टिका रहा है.
ब्रोकरेज फर्मों की राय में क्या है अंतर
शेयर की इस तेज रफ्तार के बीच ब्रोकरेज फर्मों की अलगअलग राय सामने आ रही है. ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म HSBC ने एनएसई पर अपनी कवरेज शुरू करते हुए इसे ‘होल्ड’ रेटिंग दी है. कंपनी ने इसका टारगेट प्राइस ₹2,300 तय किया है. HSBC का कहना है कि एनएसई फंडामेंटल तौर पर काफी मजबूत है, लेकिन शेयर की कीमत पहले ही काफी ऊंचे लेवल पर पहुंच चुकी है.
खास बात ये है कि एनएसई को कवर करने वाले एनालिस्ट्स में HSBC पहला ऐसा नाम है जिसने इसे लेकर न्यूट्रल रुख अपनाया है. इससे पहले इसे कवर करने वाले सभी 17 एनालिस्ट्स ने इसमें खरीदारी की रेटिंग दी थी. दूसरी तरफ, घरेलू ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने इसी हफ्ते की शुरुआत में एनएसई के लिए ₹2,650 का सबसे ऊंचा टारगेट प्राइस तय किया था.