दिल्ली के द्वारका इलाके के सेक्टर-24 गोल्फ कोर्स में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया जहां तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना की सूचना सुबह 7 बजे PCR कॉल के जरिए पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड समेत अन्य एजेंसियों को भी मौके पर बुलाया गया। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृत बच्चों की उम्र करीब 8 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मौके से बच्चों के कपड़े तालाब के बाहर मिले हैं जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे नहाने के लिए तालाब में उतरे थे और हादसे का शिकार हो गए। फिलहाल बच्चों की पहचान की जा रही है। अभी तक किसी भी बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। फिलहाल, पुलिस ने तीनों शवों को नजदीकी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के इलाकों में बच्चों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। गर्मियों के मौसम में अक्सर बच्चे बिना निगरानी के पूल या तालाब में नहाने उतर जाते हैं। बच्चे न तो गहराई का सही अंदाजा लगा पाते हैं और न ही तैराकी कौशल रखते हैं, जिससे ऐसे दर्दनाक हादसे हो जाते हैं। ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी हो जाती है।





