Viral

दिल्ली से राजस्थान तक प्रचंड गर्मी…हीटवेव का अलर्ट, केरल-असम में बारिश; जानिए 15 राज्यों का मौसम

Heatwave alert India: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत कुछ राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है.

दिल्ली से राजस्थान तक प्रचंड गर्मी…हीटवेव का अलर्ट, केरल-असम में बारिश; जानिए 15 राज्यों का मौसम
दिल्ली से राजस्थान तक प्रचंड गर्मी…हीटवेव का अलर्ट, केरल-असम में बारिश; जानिए 15 राज्यों का मौसम

दिल्ली में हालिया बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब तापमान फिर तेजी से बढ़ने लगा है. मौसम विभाग ने 19 से 22 मई तक राजधानी में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

राजस्थान में भीषण गर्मी

राजस्थान में सोमवार को श्रीगंगानगर में 46.1 डिग्री, बीकानेर में 46 डिग्री और जयपुर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है. साथ ही धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है.

उत्तराखंड में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जैसे मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है. राज्य सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है. स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से निपटने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.

इन राज्यों में लू का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 24 मई तक लू की स्थिति बनी रह सकती है. मध्य प्रदेश के 31 जिलों में भी लू का अलर्ट जारी किया गया है. बिहार, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

वहीं दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मॉनसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है.

असम, मेघालय में होगी बारिश

पूर्वोत्तर भारत में 19 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी तेज बारिश की संभावना है. केरल के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Khabar Monkey

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और खराब मौसम दोनों से सतर्क रहने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर में धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और बिजली कड़कने या तेज आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply