दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) और दिल्ली कैंट अब दिल्ली नगर निगम (MCD) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में आज से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। NDMC और दिल्ली कैंट क्षेत्रों के लिए स्व-गणना की प्रक्रिया एक अप्रैल से शुरू हुई, जबकि एमसीडी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के लोगों को यह सुविधा एक मई से 15 मई तक मिलेगी। इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी खासियत- सेल्फ एन्युमरेशन जिसका मतलब है कि लोग घर बैठे वेब-पोर्टल के जरिए 16 भाषाओं में अपनी जानकारी खुद भर सकेंगे।

लोग घर बैठे मोबाइल पर अपने घर से संबंधित जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। 16 मई से हाउसिंग सर्वे शुरू होने पर वह घर आने वाले सरकारी कर्मी से इसका सत्यापन करा सकते हैं। आपको अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने के लिए 15 दिनों का समय मिलेगा, जो घर-घर सर्वे शुरू होने से ठीक पहले होगा। इसके लिए आपको मोबाइल नंबर से पोर्टल पर लॉग-इन करना होगा और जानकारी भरने के बाद मिले सेल्फ एन्युमरेशन आईडी (SE ID) को बाद में आने वाले कर्मचारी (एन्युमरेटर) को दिखाना होगा।
बता दें कि जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जा रही है। पहले चरण में मकानों की सूची और आवास की गिनती होगी, जबकि दूसरे चरण में लोगों की गिनती होगी। पहली बार यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी, जिसमें जनगणना करने वाले कर्मचारी जानकारी एकत्र करने के लिए अपने फोन पर इस उद्देश्य के लिए बनाए गए एक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान लोगों से उनके घरों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, घर के मुखिया के बारे में जानकारी, जैसे कि नाम और लिंग, और स्वामित्व की स्थिति के बारे में कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे।
पहले चरण में दिल्लीवासियों के घर एवं उनकी आर्थिक स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। इसमें उनसे पूछा जाएगा कि वह किस प्रकार के मकान में रहते हैं। उनके घर की दीवार, छत, फर्श आदि किस सामग्री से बनी है। वह अपने मकान में रहते हैं या किराये पर। मकान में कितने कमरे हैं, उसमें रहने वालों की संख्या कितनी है, उनके घर में खाना बनाने के लिए अलग किचन है या नहीं। घर में टॉयलेट एवं नहाने की जगह अलग है या नहीं। घर में खाना PNG-LPG से बनता है या किसी अन्य ईंधन का इस्तेमाल होता है। पीने का पानी कहां से उपलब्ध होता है। उनके पास मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, डीटीएच, साइकिल, बाइक, स्कूटी, कार आदि है या नहीं।





