छोटे पर्दे की दिग्गज अभिनेत्री अनीता कंवल इन दिनों अपने एक इंटरव्यू को लेकर काफी चर्चा में बनी हुई हैं। इसमें उन्होंने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी चीजें शेयर की। साथ ही उन दर्दनाक अनुभवों के बारे में खुलकर बात की, जिनका सामना उनकी बेटी अभिनेत्री पूजा कंवल को मनोरंजन जगत में अपना करियर बनाने की कोशिश के दौरान करना पड़ा।

सिर्फ इतना ही नहीं, अनीता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी के सपनों के लिए अपने खुद के करियर को भी दांव पर लगा दिया था। यहां तक कि पूजा को जब कास्टिंग काउच का सामना करना पड़ा तो कैसे उन्होंने अपनी लाडली को इन सब चीजों से बचाया। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है।
यह भी पढ़ें:
2004 में किया पूजा ने डेब्यू
अनीता कंवल की बेटी पूजा कंवल ने 2004 में राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म ‘उफ्फ क्या जादू मोहब्बत है’ से फिल्मों में डेब्यू किया और बाद में ‘जवानी जिंदाबाद’ और ‘ब्लू ऑरेंजेस’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। हालांकि, एक अच्छी शुरुआत के बावजूद वह इस इंडस्ट्री में वह सफलता हासिल नहीं कर पाईं जिसकी उन्हें उम्मीद थी। फिर पूजा ने आखिरकार एक्टिंग छोड़ दी और अब इवेंट्स की होस्टिंग और एंकरिंग में लगी हुई हैं।
पूजा के लिए खुद से ज्यादा संघर्ष किया: अनीता
सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा, “मुझे लगता है कि मैंने पूजा के लिए खुद से ज्यादा संघर्ष किया, क्योंकि मुझे पता था कि बचपन से ही वह कितनी शिद्दत से एक्ट्रेस बनना चाहती थी। उसके पास सब कुछ था। वह एक बेहतरीन डांसर थी, खूबसूरत थी और एक काबिल एक्ट्रेस थी। इसीलिए मैंने उसके लिए लड़ाई लड़ी।”
अनीता ने आगे कहा, “आज, मैं बहुत खुश हूं कि वह मेरे नक्शेकदम पर नहीं चली। वह अब अपनी जिंदगी में कहीं ज्यादा बेहतर जगह पर है।” अनीता ने यह भी बताया किया कि उन्हें अपनी बेटी को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के बुरे पहलू से बचाकर रखना पड़ता था। एक्ट्रेस ने कहा, “जब वह साउथ में काम कर रही थी, तो कुछ लोग फोन करके तरह-तरह की गलत बातें कहते थे। जब भी मुझे ऐसे फोन आते थे, तो मैं उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाती थी। उसके बाद उन्होंने कभी दोबारा फोन नहीं किया।”
Khabar Monkey
अनीता ने आरोप लगाया कि कई लोगों ने काम के मौकों के बदले अश्लील प्रस्ताव दिए। अभिनेत्री ने कहा, “कुछ लोग ऐसे थे जो समझौते की बातें करते थे और बताते थे कि बदले में वे क्या दे सकते हैं। मैं उनसे कहती थी कि अगर तुमने दोबारा कभी ऐसी बात की, तो मैं हैदराबाद आकर तुम्हारी टांगें तोड़ दूंगी।”
अनीता के अनुसार, ऐसे अनुभवों का पूजा पर गहरा असर पड़ा। एक्ट्रेस ने कहा, “पूजा इन सब बातों से पूरी तरह हिल गई थी। यह किस्मत की बात थी कि उसका होने वाला पति सही समय पर उसकी लाइफ में आया। वरना, मुझे लगता है कि वह शायद भावनात्मक रूप से पूरी तरह टूट गई होती।”
करियर के मौके वैसे नहीं मिले जैसी उम्मीद थी
एक्ट्रेस ने बताया कि शुरू में परिवार को उम्मीद थी कि पूजा टेलीविजन में अपना करियर बनाएगी, लेकिन राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म मिलने से उन्हें लगा कि अब बड़े मौके मिलने वाले हैं। अनीता कंवल ने कहा, “हमने सोचा था कि वह टेलीविजन सीरियल से शुरुआत करेगी। लेकिन जब उसे राजश्री फिल्म मिली, तो हमारी उम्मीदें अपने आप बढ़ गईं। हमें लगा कि अब सब कुछ ठीक हो जाएगा और कुछ अच्छा होगा। जब ऐसा नहीं हुआ, तो उस ऊंची उम्मीद से नीचे आना बहुत तकलीफदेह था।” हालांकि, करियर के मौके वैसे नहीं मिले जैसी उन्होंने उम्मीद की थी।
बेटी के लिए छोड़ दिया अभिनय
अनीता ने आगे बताया, “मैंने लगभग ढाई साल तक काम नहीं किया। वह जहां भी शूट के लिए जाती, मैं उसके साथ जाती। अगर उसका शूट साउथ में होता, तो मैं वहां जाती। अगर वह बैंकॉक में शूट कर रही होती, तो मैं वहां भी उसके साथ जाती। मैं उसके साथ-साथ संघर्ष कर रही थी। मैंने अपने करियर के शिखर पर ढाई साल के लिए काम छोड़ दिया, क्योंकि मेरी बेटी उस समय सिर्फ 17 साल की थी। मैं उसे अकेले नहीं भेज सकती थी। एक मां होने के नाते, मुझे लगा कि उसके साथ रहना मेरी जिम्मेदारी है।”
यह भी पढ़ें:





