श्योपुर; मध्यप्रदेश के श्योपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शुक्रवार सुबह तरबूज खाने के बाद एक शख्त की मौत हो गई. वहीं मृतक के बेटे की हालत अभी गंभीर बनी हुई है. उसका अस्पताल में इलाज जारी है. सीने में जलन होने के बाद पिता-पुत्र ने तरबूज खाया था. इस मामले में डॉक्टर फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रहे हैं. जांच के बाद ही क्लियर हो पाएगा की मौत की असली वजह क्या है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

ठंडाई के लिए खाया तरबूज
जानकारी के अनुसार, शाजापुर जिले के सुसनेर के रहने वाले इंद्र सिंह परिहार (43), अपने बेटे विनोद (21) के साथ श्योपुर में किराए के मकान में रहते थे. इंद्र सिंह ड्राइवर थे. परिजनों ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद इंद्र सिंह की तबीयत खराब हुई, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उनके और बेटे विनोद के सीने में जलन महसूस हुई. ठंडाई के लिए दोनों बाप बेटे ने तरबूज खाया.
Khabar Monkey
अस्पताल जाते समय हुई मौत
तरबूज खाने के कुछ ही देर के बाद उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई. परिजन तत्काल उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कोटा रेफर कर दिया. लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. बेटे विनोद की हालत अभी गंभीर बनी हुई है. विनोद का इलाज जारी है.
फूड पॉइजनिंग की आशंका
डॉक्टर आरबी गोयल ने बताया कि दो लोगों को सुबह गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था. एक मरीज की गंभीर हालत देखते हुए उसे कोटा रेफर किया गया था. फिलहाल तरबूज खाकर मौत होने जैसी बात सामने नहीं आई है. पेट में इन्फेक्शन हो सकता है. फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है. डॉक्टर जांच कर रहे हैं, जांच के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो पाएगा.





