टाइप 1 डायबिटीज (Type 1 Diabetes) से पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों के लिए हर दिन ब्लड शुगर की जांच करना और दिन में कई बार इंसुलिन के दर्दनाक इंजेक्शन लेना एक बड़ी चुनौती होता है। सुइयों (Needles) का रोज़ का दर्द न सिर्फ शारीरिक रूप से परेशान करता है, बल्कि मानसिक तनाव भी बढ़ाता है। मेडिकल साइंस और आधुनिक तकनीक ने अब इसका एक बेहद सुरक्षित और आसान विकल्प ढूंढ लिया है। डॉक्टरों के अनुसार इंसुलिन पंप (Insulin Pump) तकनीक टाइप 1 डायबिटीज के मरीजों को बार-बार इंजेक्शन लगाने के झंझट से बड़ी राहत दे सकता है। डायबिटीज के साथ जी रहे लाखों लोगों की जिंदगी अक्सर इंसुलिन इंजेक्शन लेने, ब्लड शुगर चेक, खानपान की प्लानिंग और अचानक शुगर बढ़ने या गिरने के डर के इर्द-गिर्द घूमती रहती है।

एंडोक्रिनोलॉजिस्ट Simran Thakkar ने हाल ही में अपने YouTube चैनल पर इंसुलिन पंप के इस्तेमाल और उसके फायदे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इंसुलिन पंप एक छोटा डिवाइस है जो आपके ग्लूकोज ट्रेंड के आधार पर लगातार इंसुलिन पहुंचाता है। ये पंप खासतौर पर टाइप 1 डायबिटीज, बार-बार शुगर में उतार-चढ़ाव, बार-बार लो शुगर की समस्या और उन लोगों के लिए मददगार हो सकता है जिन्हें शुगर को सख्ती से कंट्रोल करना है। उन्होंने बताया टाइप 2 डायबिटीज के कुछ मरीजों को भी इससे फायदा हो सकता है।
इंसुलिन पंप कैसे डायबिटीज मरीजों की करता है मदद
एंडोक्रिनोलॉजिस्ट और डायबिटोलॉजिस्ट Sandeep Kharb ने बताया इंसुलिन पंप की बढ़ती लोकप्रियता का कारण यह है कि यह पारंपरिक इंजेक्शन की तुलना में शरीर में इंसुलिन पहुंचाने की प्राकृतिक प्रक्रिया को ज्यादा बेहतर तरीके से अंजाम देता है। Sandeep Kharb के अनुसार, इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि इंसुलिन पंप ब्लड शुगर मैनेजमेंट को बेहतर बना सकता है। इंसुलिन पंप का इस्तेमाल समय-समय पर कम मात्रा में सटीक इंसुलिन लगातार पहुंचाकर ब्लड ग्लूकोज लेवल को बेहतर तरीके से कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।
इंसुलिन पंप पूरे दिन नियंत्रित मात्रा में लगातार इंसुलिन पहुंचाता है। इससे कई लोगों का ग्लूकोज लेवल अधिक स्थिर बना रहता है और अचानक बढ़ने या गिरने की संभावना कम हो जाती है। डॉ. खरब ने यह भी बताया कि जो लोग इंसुलिन पंप के साथ Continuous Glucose Monitoring (CGM) सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें उंगली में बार-बार सुई चुभोकर ब्लड टेस्ट करने की जरूरत काफी कम पड़ सकती है। इस पंप से दर्द कम होता है और ब्लड शुगर के अचानक बढ़ने या गिरने से बचने में मदद मिलती है।
डेली लाइफ को फ्लेक्सिबल बनाता है ये पंप
इंसुलिन पंप का एक सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह रोजमर्रा की जिंदगी में ज्यादा लचीलापन देता है। पारंपरिक इंसुलिन शेड्यूल में खाने, एक्सरसाइज और सोने के समय का सख्ती से पालन करना पड़ता है। लेकिन इंसुलिन पंप में जरूरत के अनुसार इंसुलिन की मात्रा को आसानी से बदला जा सकता है। डॉ. खरब ने कहा इंसुलिन पंप डायबिटीज मैनेजमेंट को ज्यादा लचीला बनाता हैं। इसका इस्तेमाल लोग खाने के समय, एक्सरसाइज करते हुए, यात्रा के दौरान या सोने से पहले अपनी जरूरत के अनुसार इंसुलिन डोज बदलकर कर सकते हैं, बिना हर बार अलग इंजेक्शन लगाए। जो लोग सख्ती से इंजेक्शन शेड्यूल फॉलो करने से परेशान रहते हैं, उनके लिए यह सुविधा और आत्मविश्वास दोनों बढ़ाता है और उनकी जीवन गुणवत्ता बेहतर करता है।
Khabar Monkey
क्या ये टाइप 1 डायबिटीज में ही मददगार है?
इंसुलिन पंप को सबसे ज्यादा टाइप 1 डायबिटीज से जोड़ा जाता है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यह टाइप 2 डायबिटीज के कुछ मरीजों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, तेजी से बदलते ब्लड शुगर लेवल वाले लोग और बार-बार हाइपोग्लाइसीमिया का सामना करने वाले मरीज इंसुलिन पंप थेरेपी से खासतौर पर फायदा उठा सकते हैं।
इंसुलिन पंप का ब्लड शुगर पर असर
इंसुलिन पंप का उपयोग करने से कई लोगों का ब्लड ग्लूकोज लेवल पूरे दिन ज्यादा स्थिर रहता है क्योंकि इंसुलिन शरीर की जरूरत के हिसाब से अधिक सटीक तरीके से पहुंचाया जाता है। डॉ. खरब ने बताया कि इससे हाई या लो ब्लड शुगर की समस्या का खतरा कम होता है और डायबिटीज सही तरीके से मैनेज न होने के कारण होने वाली मेडिकल इमरजेंसी की आशंका भी घटती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से हुई बातचीत पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी रूटीन को शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।




