Viral

झांसी में जयमाला के बाद बवाल, दहेज की मांग को लेकर हंगामा मारपीट, दुल्हन ने फेरे लेने से किया इनकार

झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित मधुबन गार्डन में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब जयमाला के तुरंत बाद दूल्हा पक्ष पर अतिरिक्त रुपयों की मांग करने का आरोप लगा। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। पूरी घटना गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बारात झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र से मधुबन गार्डन पहुंची थी।

झांसी में जयमाला के बाद बवाल, दहेज की मांग को लेकर हंगामा मारपीट, दुल्हन ने फेरे लेने से किया इनकार
झांसी में जयमाला के बाद बवाल, दहेज की मांग को लेकर हंगामा मारपीट, दुल्हन ने फेरे लेने से किया इनकार

दहेज के लिए हुआ हंगामा

Khabar Monkey

शादी की सभी रस्में हंसी-खुशी चल रही थीं और जयमाला भी संपन्न हो चुकी थी। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने अचानक अतिरिक्त रुपयों की मांग रख दी। लड़की पक्ष ने जब मांग पूरी करने से मना किया तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गार्डन में कुर्सियां चलने लगीं और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन के पिता और भाई के साथ मारपीट की। शादी समारोह में मौजूद मेहमानों और रिश्तेदारों ने किसी तरह बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तब तक पूरे गार्डन में अफरा-तफरी मच चुकी थी।

दुल्हन ने शादी से किया इनकार

सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। घटना के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ शादी करने और ससुराल जाने से साफ इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि दहेज के मामले को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई हैं, जहां शादी के बाद दहेज को लेकर महिलाओं की हत्या कर दी गई। झांसी में दुल्हन ने शादी से पहले ही ऐसा कदम उठाया और शादी से इनकार कर दिया।

(झांसी से आकाश राठौड़ की रिपोर्ट)

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply