DU Advisory: दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अपने सभी छात्रों और फैकल्टी शिक्षकों से जंतरमंतर पर चल रहे प्रदर्शन से दूर रहने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है. इसके साथ ही दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के उस ट्वीट पर दिल्ली पुलिस ने ये साफ किया है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आज रात कोई कार्रवाई करने की उनकी योजना नहीं है. हालांकि केजरीवाल भी एकदम मुस्तैद थे, जैसे ही दिल्ली पुलिस का रिप्लाई आया, फौरन बोले ‘धन्यवाद! लेकिन ये बता दीजिए कि आगे ऐसा कब करेंगे.’

छात्रों और फैकल्टी से इमोशनल अपील
डीयू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, छात्रों और फैकल्टी सदस्यों की सुरक्षा हमारे लिए महत्वपूर्ण है. कृपया ध्यान दें कि जंतरमंतर, नई दिल्ली में किसी भी तरह की गैरकानूनी सभा या प्रदर्शन, जिन पर भारत के माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कड़े नियम लागू हैं के कारण कानूनी कार्रवाई हो सकती है. ऐसी गतिविधियों से छात्रों की व्यक्तिगत सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है और उनकी पढ़ाईलिखाई की प्रगति और करियर के अवसरों पर भी बुरा असर पड़ सकता है.
डीयू ने अपनी पोस्ट में आगे यह भी लिखा, ‘सभी छात्रों से आग्रह है कि वे जंतरमंतर से दूर रहें और अपनी सुरक्षा तथा कानून का पालन करने को प्राथमिकता दें. साथ ही आपको सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है क्योंकि स्थिति को भड़काने के लिए काफी मात्रा में नकली और गुमराह करने वाली जानकारी बनाई और फैलाई जा रही है.’
पुलिस का बयान
पुलिस ने भी छात्रों और युवाओं को गुमराह करने वाली पोस्ट पर भरोसा न करने और ऐसे लोगों से सचेत रहने की अपील की है, जो भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं.
इससे पहले गुरुवार की शाम को नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने पूरे क्षेत्र के मौजूदा हालातों का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस के सभी ऑफिसों, दुकानों और रेस्तरां को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने की सलाह दी थी. व्यापारी संघ के मुताबिक ये फैसला एनडीएमसी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की टेलीफोन पर बातचीत के बाद लिया गया.