BusinessViral

चांदी ने लगाई ₹23,000 की छलांग, सोना भी रॉकेट, 24K, 22K, 18K का रेट चेक कर लें

नई दिल्‍ली: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार सोने और चांदी की कीमत में बंपर तेजी आई। चांदी की कीमत उछलकर 2,97,500 रुपये प्रति किलो हो गई। सोना चमककर 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। सर्राफा बाजार की तरह मल्‍टी कमोडिटी एक्‍सचेंज (एमसीएक्‍स) पर भी दोनों कीमती में तगड़ी हलचल दिखी।

चांदी ने लगाई ₹23,000 की छलांग, सोना भी रॉकेट, 24K, 22K, 18K का रेट चेक कर लें
चांदी ने लगाई ₹23,000 की छलांग, सोना भी रॉकेट, 24K, 22K, 18K का रेट चेक कर लें

एमसीएक्‍स पर बीते सत्र में रात 10.31 बजे तक चांदी 23,816 रुपये की बढ़त के साथ करोबार कर रही थी। सोना भी 8,906 रुपये के फायदे में था। सरकार की ओर से कीमती धातुओं पर इंपोर्ट ड्यूटी 15 फीसदी किए जाने के बाद यह जोरदार तेजी आई।

इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के मुताबिक, बीते सत्र (बुधवार) में बाजार बंद होने के समय 24-कैरेट सोने की कीमत 1,60,980 रुपये प्रति 10 ग्राम (3% जीएसटी और मेकिंग चार्ज के बिना) थी। 22-कैरेट सोने के दाम 1,57,110 रुपये प्रति 10 ग्राम थे।

वहीं, एमसीएक्‍स पर बुधवार को दोनों कीमती धातुओं में जोरदार तेजी दिखी। रात 10.31 बजे तक जुलाई डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 23,816 रुपये यानी 8.53 फीसदी के फायदे में बोली जा रही थी। यह 3,02,878 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। वहीं, सोने के भाव 8,906 रुपये फायदे में थे। यह पीली धातु 1,62,348 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

Khabar Monkey

गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के अनुसार, बीते सत्र में 24-कैरेट सोना 8,020 रुपये की तेजी के साथ 1,62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। वहीं, चांदी 20,000 रुपये उछलकर 3,10,000 रुपये प्रति किलो पर थी।

सर्राफा बाजार में कीमत
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, बीते सत्र में बाजार बंद होने तक राष्‍ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमत 20,500 रुपये बढ़ी थी। यह बढ़कर 2,97,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। मंगलवार को यह 2,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्‍स सहित) थी। इसी तरह 24-कैरेट वाले सोने के दाम 8,550 रुपये यानी पांच फीसदी से अधिक बढ़कर 1,65,350 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्‍स सहित) हो गया। इसका पिछला बंद भाव 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

क्‍या कह रहे हैं ट्रेडर्स?
सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी छह फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दी है। वहीं, प्लैटिनम पर इसे 6.4 फीसदी से बढ़ाकर 15.4 फीसदी किया गया है। इसके चलते सोने/चांदी के डोरे, सिक्के, अन्य वस्तुएं आदि पर भी टैक्‍स में बदलाव किए गए हैं। ये नए शुल्क बुधवार से लागू हो गए।

पीएम नरेंद्र मोदी के पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण इस्‍तेमाल, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को टालने जैसे उपायों के आह्वान के बाद यह घोषणा की गई। स्थानीय कारोबारियों ने कहा कि बढ़े हुए शुल्क का वास्तविक असर आने वाले दिनों में तब दिखाई देगा जब यह खरीद लागत में दिखने लगेगा।

विशेषज्ञों की राय
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख (जिंस) हरीश वी. ने कहा, ‘भारत में सोने पर आयात शुल्क में हालिया बढ़ोतरी से स्थानीय कीमतें बढ़ने और फिजिकल डिमांड पर अस्थायी असर पड़ने की संभावना है। हालांकि, निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। वैश्विक अनिश्चितता और घरेलू मुद्रा दबाव के समय सोना सुरक्षित निवेश के रूप में आकर्षक बना रहता है।’

विश्लेषकों ने कहा कि कमजोर रुपये ने भी कीमती धातुओं के दामों को बढ़ाया है। विदेशी मुद्रा निकासी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों की चिंता के बीच रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.80 के निचले स्तर तक गिर गया।

भारत सोने-चांदी का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। हाल के महीनों में निवेश सहित मांग में लगातार बढ़ोतरी के कारण कीमतों में तेजी आई है। हालांकि, रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद ने आगाह किया कि सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने से आयात कम नहीं होता, बल्कि कीमतें बढ़ती हैं।

आभूषण खुदरा विक्रेताओं ने कहा कि इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के बजाय सोने-चांदी के आयात पर मात्रा संबंधी अंकुश लगाना देश के चालू खाते के घाटे (कैड) को कंट्रोल करने का अधिक प्रभावी तरीका होगा।

अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की चाल
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 0.3 फीसदी टूटकर 4,700.86 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। जबकि चांदी एक फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 87.45 डॉलर प्रति औंस रह गई। वैश्विक बाजार में बुधवार को ब्रेंट क्रूट 107 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार कर रहा था।

Leave a Reply