UP Crime News: यूपी के गोरखपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. छपिया गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक की बारात निकलने से पहले उसकी कथित प्रेमिका पुलिस लेकर घर पहुंच गई. युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दो साल तक शोषण करने का आरोप लगाया. हंगामे के बीच दूल्हा मौके से फरार हो गया और बारात रुक गई. घटना जिले के खजनी थाना क्षेत्र की है.

बताया जा रहा है कि गांव निवासी राम भागवत यादव का बेटा विपिन यादव पीएसी में कांस्टेबल है. करीब दो वर्ष पहले उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद उसकी पहचान लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर काम करने वाली एक युवती से हुई. युवती मूल रूप से आजमगढ़ की रहने वाली बताई जा रही है.
Khabar Monkey
शादी का दिया झांसा, दो साल तक किया शोषण
युवती का आरोप है कि विपिन यादव ने उससे शादी का वादा किया था और पिछले दो वर्षों से उसका शोषण करता रहा. अब वह उसे छोड़कर पीपीगंज क्षेत्र की एक युवती से शादी करने जा रहा था. रविवार को विपिन यादव की बारात निकलने की तैयारी चल रही थी और परछावन की रस्म चल रही थी. इसी दौरान युवती पुलिस लेकर उसके घर पहुंच गई.
प्रेमिका ने किया जमकर हंगामा
प्रेमिका ने मौके पर जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि युवक ने उसे धोखा दिया है. अचानक हुए इस घटनाक्रम से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. इसी बीच आरोपी युवक मौका देखकर फरार हो गया.
पहले से दर्ज है मामला
मामले को लेकर खजनी थाना प्रभारी जयंत कुमार ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पहले से ही लखनऊ के गोमतीनगर थाने में मामला दर्ज है. उसी मामले में कार्रवाई के लिए लखनऊ पुलिस की टीम खजनी पहुंची थी. खजनी पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर दबिश दी गई, लेकिन वह मौके से भाग निकला. पुलिस के अनुसार, घर पर परिवार का कोई जिम्मेदार सदस्य भी नहीं मिला. आरोपी की तलाश की जा रही है. इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.
–





