गुरुग्राम में हिट एंड रन का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि एक नया मामला महाराष्ट्र के नागपुर में सामने आ गया है. यह एक कार सवार महिला ने तेज रफ्तार गाड़ी चलाते हुए पहले सड़क के किनारे खड़ी एसयूवी कार में टक्कर मारी, फिर सड़क पर चल रहे 7 अन्य लोगों को कुचल दिया. इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं. गनीमत रही कि इन सभी लोगों की जान बच गई है.

फिलहाल पुलिस ने कार और उसकी ड्राइवर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक यह हादसा नागपुर के गोरेवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार रात का है. इसमें गोरेवाड़ा क्षेत्र में डिनशॉ फैक्ट्री के पास एक महिला तेज रफ्तार में कार चालते हुए आ रही थी. अचानक उसकी अनियंत्रित हो गई और उसने पहले सड़क के किनारे खड़ी एक एसयूवी को टक्कर मारी. फिर यहां से भागने की कोशिश करते हुए सड़क पर चल रहे अन्य लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में तीन बच्चों समेत सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इन सभी को अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला कार चालक को हिरासत में लिया है. इस महिला की पहचान दीपाली यांग के रूप में हुई है. पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त महिला शराब के नशे में धुत थी. इस आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसका मेडिकल कराया है. अब पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
लोगों ने काटा बवाल
जोन2 की डीसीपी अन्नपूर्णा सिंह ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के वक्त कार में महिला के अलावा और कौनकौन मौजूद था. हादसे की पूरी तस्वीर सामने लाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. उधर, आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस थाने के बाहर पहुंचकर महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.