गर्मियां आते ही फ्रिज का ठंडा पानी पीने की क्रेविंग बढ़ने लगती है। घर से लेकर बाहर तक हम हर वक्त ठंडा पानी पीना पसंद करते हैं। ठंडे पानी का सेवन गर्मी से राहत दिलाता है और पानी की प्यास भी बुझाता है, लेकिन आप जानते हैं कि गर्मी में ठंडा नहीं गर्म पानी का सेवन भी बेहद असरदार साबित होता है। 40 डिग्री के तापमान में गर्म पानी पीना आपके पाचन और वजन घटाने में मदद कर सकता है। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट और योग गुरु बाबा रामदेव के मुताबिक जिन लोगों को जोड़ों का दर्द है और मोटापा है उन्हें ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए। सुबह ही नहीं बल्कि दिन भर गर्म पानी का सेवन करके आप कुछ ही दिनों में अपना वजन घटा सकते हैं।

मेडिको आयुर्वेद लाइफ में एक्सपर्ट डॉ. मुकुल शर्मा ने बताया गर्मियों में गर्म पानी पीना चाहिए या नहीं, यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है, खासकर उन लोगों के लिए जो सुबह खाली पेट गर्म पानी पीने की आदत रखते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक गर्मियों में बहुत ज्यादा उबला हुआ गर्म पानी पीना सही नहीं होता, लेकिन हल्का गुनगुना पानी सीमित मात्रा में लिया जा सकता है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा गर्म पानी शरीर के तापमान को बढ़ाकर असहजता पैदा कर सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि गर्मी में गर्म पानी का सेवन करने से सेहत पर कैसा होता है असर।
गर्मी में गर्म पानी का सेवन सेहत पर कैसा करता है असर?
पाचन होता है दुरुस्त
गर्म पानी पीने के फायदों की बात करें तो गर्मी में भी गर्म पानी पीना फायदेमंद होता है। यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। गुनगुना पानी पीने से कब्ज की समस्या कम हो सकती है और खाना पचाने में आसानी होती है। Gastroenterology Nursing जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीजों को गर्म पानी देने से उनकी आंतों की गतिशीलता में तेजी से सुधार हुआ। गर्म पानी वसा को जल्दी घोलता है। यह पुराने मल को आंतों से हटाकर कब्ज (Constipation) दूर करने में मदद करता है। वैज्ञानिक भाषा में इसे ‘Gastric Emptying’ को सुगम बनाना कहते हैं।
वजन रहता है कंट्रोल
इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है, जिससे वजन कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है, हालांकि इसे अकेले वजन घटाने का उपाय नहीं माना जाना चाहिए। दिन में कई बार गुनगुना पानी पीने से पेट से लेकर कमर तक की चर्बी को कंट्रोल किया जा सकता है। Journal of Clinical Endocrinology and Metabolism में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, ठंडा पानी पीने की तुलना में गर्म पानी पीना मेटाबॉलिज्म दर को बढ़ा देता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि लगभग 500 ml गर्म पानी पीने से मेटाबॉलिक रेट 30% तक बढ़ जाता है। यह शरीर के तापमान को बढ़ाता है, जिससे शरीर उस तापमान को सामान्य करने के लिए ऊर्जा खर्च करता है और कैलोरी बर्न होती है।
बॉडी को डिटॉक्स करता है गर्म पानी
यह शरीर को डिटॉक्स करने में मददगार माना जाता है और स्किन को साफ रखने में भी मदद कर सकता है, जिससे पिंपल्स और ऑयली स्किन की समस्या कुछ हद तक कम हो सकती है। Medical Hypotheses में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, गर्म पानी पीने या गर्म पानी से स्नान करने से शरीर का कोर तापमान बढ़ता है, जिससे वैसोडिलेशन यानी रक्त वाहिकाएं चौड़ी हो जाती हैं। इससे रक्त का संचार बेहतर होता है और शरीर से पसीने व मूत्र के जरिए टॉक्सिन बाहर निकल जाते हैं, जिसका सीधा असर त्वचा की चमक और पिंपल्स की कमी पर दिखता है।
ब्लड सर्कुलेशन में होता है सुधार
गर्म पानी पीने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है और शरीर में जमा टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद मिलती है। यह बालों के झड़ने को कम करने और स्कैल्प हेल्थ को सुधारने में मददगार होता है, हालांकि इस पर ज्यादा वैज्ञानिक प्रमाण सीमित हैं। साथ ही, यह शरीर को अंदर से साफ रखने और इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करने में भी मदद कर सकता है।
गर्म पानी के कुछ साइड इफेक्ट भी हैं उन्हें जानना भी है जरूरी
गर्म पानी का सेवन जितना फायदेमंद है वहीं इसके सेवन के नुकसान भी हो सकते हैं। बहुत ज्यादा गर्म पानी पीने से मुंह, गले और पेट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंच सकता है। गर्मियों में ज्यादा गर्म पानी पीने से डिहाइड्रेशन या शरीर में गर्मी बढ़ने की समस्या हो सकती है। खासकर बच्चों और उन लोगों को जिनकी बॉडी पहले से ही ज्यादा गर्म रहती है या जिन्हें ज्यादा पसीना आता है, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। इसके अलावा, बहुत ज्यादा गर्म पानी पीने से शरीर का इलेक्ट्रोलाइट संतुलन भी बिगड़ सकता है।
गर्मियों में ठंडा पानी पीने के बजाय मटके का पानी या सामान्य तापमान का पानी पीना ज्यादा बेहतर माना जाता है। यह शरीर को ठंडक देता है और पाचन पर भी अच्छा असर डालता है। कुल मिलाकर, अगर आप गर्मियों में गर्म पानी पीना चाहते हैं तो उसे हल्का गुनगुना रखें, सीमित मात्रा में पिएं और शरीर की जरूरत के अनुसार ही इसका सेवन करें।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य परामर्श और प्रचलित मान्यताओं पर आधारित है। हर व्यक्ति की शारीरिक स्थिति, उम्र और बीमारियां अलग हो सकती हैं। इसलिए, गर्मियों में अपने पानी पीने की आदतों में कोई भी बड़ा बदलाव करने या गर्म पानी का औषधीय उपयोग करने से पहले किसी विशेषज्ञ डॉक्टर या डाइटीशियन (Dietician) से सलाह जरूर लें। हीट स्ट्रोक या डिहाइड्रेशन के लक्षणों को नज़रअंदाज़ न करें।





