लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने सितंबर तिमाही में अपने बड़े इक्विटी पोर्टफोलियो में फेरबदल किया. इसने लार्सन एंड टुब्रो , रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल के शेयर खरीदे, जबकि ICICI बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और नेस्ले इंडिया में अपनी हिस्सेदारी कम की. प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के अनुसार, 30 सितंबर तक LIC की इक्विटी होल्डिंग 15.49 लाख करोड़ रुपए थी. यह पिछली तिमाही के मुकाबले 4.97 फीसदी कम है, जबकि इस दौरान LIC ने कुल 7,346 करोड़ रुपए के इक्विटी शेयर खरीदे थे.

LIC की होल्डिंग की वैल्यू इसलिए कम हुआ क्योंकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों में इसकी हिस्सेदारी जून तिमाही के 3.50 फीसदी से घटकर 3.38 फीसदी रह गई, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है. केवल ‘फ्रीफ्लोट’ शेयरों के आधार पर देखें, तो भी LIC की हिस्सेदारी 7.03 फीसदी से घटकर 6.80 फीसदी रह गई. कुल हिस्सेदारी में गिरावट के बावजूद, LIC भारत का सबसे बड़ा एसेट मैनेजर बना हुआ है. प्राइम डेटाबेस के अनुसार, इसकी इक्विटी होल्डिंग देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी की तुलना में लगभग दोगुनी है.
इन कंपनियों ने बढ़ाई हिस्सेदारी
- सितंबर तिमाही में LIC ने सबसे बड़ी खरीदारी लार्सन एंड टुब्रो में की, जहां इसने 4,153 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे. इस तिमाही के दौरान शेयर की कीमत में 9.25 फीसदी की गिरावट आई, फिर भी LIC ने अपनी होल्डिंग में 1.06 करोड़ शेयरों का इजाफा किया.
- दूसरी सबसे बड़ी खरीदारी रिलायंस इंडस्ट्रीज में रही. LIC ने 3,967 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जिससे इसकी होल्डिंग 3.09 करोड़ शेयर बढ़ गई. इस दौरान रिलायंस के शेयर में 8.26 फीसदी की गिरावट आई.
- इसके अलावा, LIC ने 3,878 करोड़ रुपए के भारती एयरटेल के शेयर खरीदे, जिससे इसकी होल्डिंग में 2.04 करोड़ शेयरों की बढ़ोतरी हुई. इस तिमाही में एयरटेल के शेयर में 5.13 फीसदी की गिरावट आई.
- LIC की अन्य प्रमुख खरीदारी में मारुति सुजुकी इंडिया शामिल है, जहां इसने 2,968 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि इस दौरान शेयर की कीमत में 15.22 फीसदी की गिरावट आई थी.
- इसने NTPC के 2,926 करोड़ रुपए और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के 2,508 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि इन दोनों शेयरों में क्रमशः 9.51 फीसदी और 9.01 फीसदी की गिरावट आई थी.
- LIC ने आयशर मोटर्स के 2,465 करोड़ रुपए, अल्ट्राटेक सीमेंट के 2,419 करोड़ रुपए, महिंद्रा एंड महिंद्रा के 2,365 करोड़ रुपए और पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन के 2,261 करोड़ रुपए के शेयर भी खरीदे.
इन 10 कंपनियों में, LIC की अनुमानित नेट खरीदारी 29,910 करोड़ रुपए रही. यह गणना तिमाही के दौरान शेयरहोल्डिंग में आए बदलाव को वॉल्यूमवेटेड एवरेज क्लोजिंग प्राइस से गुणा करके की गई है. खरीदने के इस पैटर्न से पता चलता है कि LIC ने इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी, टेलीकॉम, ऑटोमोबाइल और फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़ी बड़ी कंपनियों को प्राथमिकता दी है. इससे यह भी पता चलता है कि तिमाही के दौरान जब शेयरों की कीमतें गिरीं, तो LIC ने अपनी होल्डिंग बढ़ाई.
इन कंपनियों ने कम की हिस्सेदारी
- LIC ने सबसे बड़ी बिकवाली ICICI बैंक में की. इसने अपने पास मौजूद शेयरों में 3.16 करोड़ शेयरों की कमी की, जो लगभग 4,453 करोड़ रुपए की नेट बिक्री के बराबर है. तिमाही के दौरान इस शेयर में लगभग 4 फीसदी की गिरावट आई.
- दूसरी सबसे बड़ी बिकवाली स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में हुई. LIC ने अपने पास मौजूद शेयरों में 3.10 करोड़ शेयरों की कमी की, जिनकी कीमत लगभग 3,209 करोड़ रुपए थी. SBI के शेयर में 6.56 फीसदी की गिरावट आई.
- इस बीमा कंपनी ने नेस्ले इंडिया के 2,623 करोड़ रुपए के शेयर भी बेचे, जबकि इस शेयर में 6.77 फीसदी की गिरावट आई थी. इसने डिवीज लैबोरेटरीज के 2,095 रुपए करोड़ के शेयर बेचे, हालांकि तिमाही के दौरान इस शेयर में 41.23 फीसदी की तेजी आई थी.
- LIC ने टेक महिंद्रा में 1,926 करोड़ रुपए, ज़ाइडस लाइफसाइंसेज में 1,889 करोड़ रुपए, हिंदुस्तान जिंक में 1,826 करोड़ रुपए, कोल इंडिया में 1,579 करोड़ रुपए, टाटा मोटर्स में 1,566 करोड़ रुपए और BSE में 1,477 करोड़ रुपए की अपनी होल्डिंग कम की.
LIC की टॉप 10 बिक्री का अनुमानित मूल्य ₹22,643 करोड़ रहा. LIC के पोर्टफोलियो में बदलाव केवल सबसे बड़ी खरीदारी और बिक्री तक ही सीमित नहीं थे. बीमा कंपनी ने ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज में अपनी हिस्सेदारी 1 फीसदी से कम से बढ़ाकर 3.56 फीसदी कर दी, और REC में अपनी हिस्सेदारी 3.33 फीसदी से बढ़ाकर 5.66 फीसदी कर दी. इसने पावर फाइनेंस कॉर्प, ऑयल इंडिया, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, कोचीन शिपयार्ड, आयशर मोटर्स और भारत पेट्रोलियम में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई.
वैल्यू के हिसाब से इन कंपनियों में सबसे ज्यादा होल्डिंग
वैल्यू के हिसाब से रिलायंस इंडस्ट्रीज, LIC की सबसे बड़ी इक्विटी होल्डिंग बनी रही, जिसका मूल्य 1.12 लाख करोड़ रुपए था. इसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 71,999 करोड़ रुपए के साथ और लार्सन एंड टुब्रो 67,605 करोड़ रुपए के साथ आते हैं. LIC की अन्य बड़ी होल्डिंग्स में ITC , भारती एयरटेल , HDFC बैंक , इंफोसिस , IDBI बैंक , टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और ICICI बैंक शामिल हैं. प्रतिशत हिस्सेदारी के मामले में, LIC की सबसे बड़ी हिस्सेदारी IDBI बैंक में थी, इसके बाद LIC हाउसिंग फाइनेंस और ITC का स्थान आता है.
बड़ी कंपनियों को प्राथमिकता
इसलिए, Q2 में LIC की रणनीति खरीदारी और बिकवाली का मिश्रण थी. इसने L&T, रिलायंस, एयरटेल, पावर कंपनियों और कुछ चुनिंदा ऑटो कंपनियों में जमकर निवेश किया, जबकि प्रमुख बैंकों, कंज्यूमर कंपनियों और उन कई शेयरों में अपनी हिस्सेदारी कम की, जिन्होंने पहले अच्छा प्रदर्शन किया था. भारत के सबसे बड़े घरेलू एसेट मैनेजर पर नजर रखने वाले निवेशकों के लिए, हालिया खुलासे बताते हैं कि LIC अभी भी बड़ी और स्थापित कंपनियों को प्राथमिकता दे रही है. साथ ही, यह बाजार में कमजोरी आने पर खरीदारी करने के लिए तैयार है, जबकि कुछ अन्य होल्डिंग्स से पूंजी निकालकर उसे दूसरी जगह लगा रही है.