उत्तर भारत की सबसे ऊंची मानी जाने वाली नोएडा के सेक्टर 94 स्थित सुपरनोवा परियोजना में फ्लैटों की रजिस्ट्री शुरू हो गई है. इस परियोजना में कुल 497 फ्लैटों की रजिस्ट्री होनी है. लेकिन साल साल पहले इनकी रजिस्ट्री पर रोक लग गई थी. इसकी वजह से खरीदार काफी परेशान थे और लगातार अपने फ्लैटों का मालिकाना हक पाने के लिए प्रयास कर रहे थे. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अब यहां फ्लैटों की रजिस्ट्री शुरू हो गई है. इससे घर खरीदारों को बड़ी राहत मिली है.

जानकारी के मुताबिक करीब एक साल पहले सुप्रीम कोर्ट ने नोएडा प्राधिकरण को बिना बकाया राशि लिए फ्लैटों की रजिस्ट्री शुरू करने के आदेश दिए थे. दिसंबर 2025 में दिए गए इस आदेश में फ्लैटों की रजिस्ट्री के साथ अधिभोग प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश भी शामिल था. बताया जा रहा है कि सुपरनोवा परियोजना दिल्ली एनसीआर ही नहीं, बल्कि उत्तर भारत की सबसे ऊंची इमारतों में से एक है.
दोनों टॉवर में होगी रजिस्ट्री
अधिकारियों के मुताबिक अब नोवा ईस्ट और नोवा वेस्ट टावर में बने फ्लैटों की रजिस्ट्री शुरू हुई है. दिवालीया प्रक्रिया के चलते वर्ष 2019 से फ्लैटों की रजिस्ट्री अटकी हुई थी. करीब 7 साल तक खरीदार अपने फ्लैटों की रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे थे. परियोजना में एस्पायर टावर 72 मंजिल का प्रस्तावित है. जिसमें से 70 मंजिल तक निर्माण पूरा हो चुका है. पूरी परियोजना में करीब 1200 फ्लैट प्रस्तावित हैं. इसके अलावा दुकान और कार्यालय भी बनाए जाने हैं. परियोजना पर नोएडा प्राधिकरण का करीब 3752 करोड रुपए बकाया बताया गया था. इसी वजह से 582 में से 497 फ्लैटों की रजिस्ट्री रोकी गई थी.
दूसरे चरण में है प्रोजेक्ट
अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना को चार चरणों में पूरा किया जाना था, लेकिन पहले और दूसरे चरण का काम भी अभी तक पूरा नहीं हो सका है. सुपरनोवा के एओए सलाहकार नरेश कुमार नंदवानी ने बताया कि सेवानिवृत के बाद उन्होंने वर्ष 2019 में यहां फ्लैट खरीदा था. इसके बाद से ही वह रजिस्ट्री के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे. करीब 7 साल के संघर्ष के बाद अब रजिस्ट्री शुरू होने से उन्हें राहत मिली है. रजिस्ट्री किन फ्लैटों की होगी इसके लिए सुपरनोवा की गठित समिति की ओर से नोएडा प्राधिकरण को नाम दिए गए हैं.
30 फ्लैटों की एनओसी जारी
उन्होंने बताया कि इन्हीं नाम के आधार पर संबंधित फ्लैटों की रजिस्ट्री की जाएगी. बताया समिति की ओर से करीब 30 फ्लैटों के लिए एनओसी दी जा चुकी है. लंबे समय से कानून और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में उलझे फ्लैट खरीदारों के लिए अब रजिस्ट्री शुरू होना महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.अब खरीदारों को उम्मीद है कि आगे की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी होगी और उन्हें अपने फ्लैटों का वैध मालिकाना हक मिल सकेगा.