उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर और बलिया जिलों से दो अलगअलग और दुखद घटनाएं सामने आई हैं। सुलतानपुर जिले में एक अस्पताल में नर्स के रूप में काम करने वाली 22 वर्षीय युवती का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। वहीं दूसरी घटना में बलिया जिले के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शनिवार को दोनों मामलों की जानकारी देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौंसा बाजार में किराये के मकान में रहने वाली नर्स का शव शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कमरा अंदर से बंद था और युवती का शव कपड़े के सहारे रोशनदान से लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान बेलगरा सारंगपुर निवासी शिल्पा सैनी उर्फ रजनी के रूप में हुई है। वह जेएनएम की पढ़ाई करने के साथ ही बरौंसा बाजार स्थित एक अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह जब शिल्पा कमरे से बाहर नहीं निकली, तो पड़ोस में रहने वाली एक अन्य नर्स ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने खिड़की से अंदर झांका, जहां शिल्पा का शव रोशनदान से लटका दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी विवेक कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। एक अन्य घटना में, बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय लड़की ने कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार, कठई गांव में शनिवार सुबह रीमा यादव अपने घर के एक कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर लटकी मिली। हल्दी थाने के प्रभारी राजू राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि घटना के समय लड़की की मां खाना बना रही थी। उसके पिता बाहर नौकरी करते हैं। लड़की की मां और बुजुर्ग दादा के साथ घर पर रहती थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल लड़की के खुदकुशी करने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
Read only on Prabhasakshi