भारतीय कार बाजार में अक्टूबर 2026 के दौरान एक बार फिर मारुति सुजुकी का दबदबा देखने को मिला. देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की लिस्ट में मारुति सुजुकी की वैगनआर पहले नंबर पर रही. वहीं, कंपनी की कॉम्पैक्ट SUV ब्रेजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी पोजिशन पर जगह बनाई. खास बात ये है कि ब्रेजा की सेल में पिछले साल के मुकाबले 86 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

अक्टूबर की टॉप10 कारों की लिस्ट में मारुति सुजुकी के 7 मॉडल शामिल रहे. इससे साफ है कि कंपनी का दबदबा हैचबैक से लेकर SUV और MPV सेगमेंट तक कायम है. दूसरी तरफ, टाटा और हुंडई की SUV भी ग्राहकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं.
वैगनआर लगातार बनी नंबर1
मारुति सुजुकी वैगनआर अक्टूबर में देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही. कंपनी ने इस दौरान इसकी 23,747 यूनिट बेचीं. पिछले साल अक्टूबर में यह आंकड़ा 18,970 यूनिट था. इस तरह वैगनआर की बिक्री में सालाना आधार पर 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
ब्रेजा ने हासिल किया दूसरा स्थान
अक्टूबर की बिक्री में सबसे चौंकाने वाला प्रदर्शन मारुति सुजुकी ब्रेजा का रहा. इस कॉम्पैक्ट SUV ने 22,436 यूनिट की बिक्री के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. पिछले साल अक्टूबर में इसकी 12,087 यूनिट बिकी थीं. इस तरह ब्रेजा की बिक्री में 86 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस प्रदर्शन के साथ ब्रेजा ने टाटा नेक्सन जैसी लोकप्रिय एसयूवी को भी पीछे छोड़ दिया.
नेक्सन तीसरे स्थान पर खिसकी
टाटा नेक्सन अक्टूबर में 21,960 यूनिट की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही. हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इसकी बिक्री में एक फीसदी की मामूली गिरावट आई. इसी वजह से नेक्सन दूसरे स्थान से खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गई.
टॉप10 में मारुति की 6 और कारें
टॉप10 की लिस्ट में चौथे नंबर पर मारुति सुजुकी बलेनो रही, जिसकी 20,919 यूनिट बिकीं. 5वें नंबर पर मारुति डिजायर रही. इसकी कुल 20,649 यूनिट की बिक्री हुई. वहीं, मारुति अर्टिगा 20,641 यूनिट के साथ छठे स्थान पर रही. टाटा पंच ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा. अक्टूबर में इसकी 20,525 यूनिट बिकीं और यह 7वें नंबर पर रही. इसके बाद मारुति फ्रॉन्क्स 20,014 यूनिट की बिक्री के साथ 8वें नंबर पर रही. हुंडई क्रेटा ने 19,353 यूनिट की बिक्री के साथ 9वीं पोजिस हासिल की है. वहीं, मारुति स्विफ्ट 18,866 यूनिट की बिक्री के साथ 10वें नंबर पर रही. स्विफ्ट की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
टॉप10 में मारुति सुजुकी के 7 मॉडल
अक्टूबर की बिक्री के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय कार बाजार में मारुति सुजुकी की पकड़ कितनी मजबूत है. कंपनी की सात कारों ने टॉप10 में जगह बनाई. इनमें हैचबैक, सेडान, MPV और SUV सभी तरह के मॉडल शामिल हैं. वहीं, टाटा की दो और हुंडई की एक कार इस लिस्ट में जगह बनाने में सफल रही.