अगर आप आने वाले दिनों में आनंद विहार रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की है। उत्तर रेलवे ने स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को कंट्रोल करने और यात्रियों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए चार प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदल दिए हैं। नया सिस्टम 13 मई से लागू हो चुका है और स्टेशन पर लगातार घोषणा के जरिए यात्रियों को इसकी जानकारी दी जा रही है। रेलवे के इस फैसले का असर रोजाना हजारों यात्रियों पर पड़ेगा, खासकर वंदे भारत एक्सप्रेस से सफर करने वालों को अब नए प्लेटफॉर्म की जानकारी पहले से रखना जरूरी होगा।

किन ट्रेनों के बदले प्लेटफॉर्म?
रेलवे द्वारा जिन ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं, उनमें लिच्छवी एक्सप्रेस, देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस, झारखंड एक्सप्रेस और गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस शामिल हैं। नए सिस्टम के अनुसार, लिच्छवी एक्सप्रेस अब प्लेटफॉर्म नंबर 3 की जगह प्लेटफॉर्म नंबर 1 से चलेगी। देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से हटाकर प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर शिफ्ट किया गया है। झारखंड एक्सप्रेस अब प्लेटफॉर्म नंबर 5 के बजाय प्लेटफॉर्म नंबर 1 से रवाना होगी और गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से बदलकर प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर कर दिया गया है।
Khabar Monkey
भीड़ कंट्रोल के लिए लिया गया फैसला
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने स्टेशन परिसर में बढ़ती भीड़ और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए प्लेटफॉर्म बदलने का सुझाव दिया था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इससे स्टेशन पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में ज्यादा सुविधा मिलेगी। साथ ही प्लेटफॉर्म पर होने वाली अव्यवस्था और ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति से भी राहत मिलेगी।
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म जरूर चेक कर लें। इसके अलावा स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड और उद्घोषणाओं पर भी ध्यान दें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।





