राजगढ़ (भोपाल)। राजगढ़ जिले के पचोर में भारत पेट्रोल पंप पर सोमवार रात लगी आग में 13 लोग झुलसे हैं। 12 मोटरसाइकिल और एक डीजल टैंकर जल गए। मंगलवार को घटना का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें आग से झुलसा एक युवक अस्पताल जाने के बजाय अपने पैसों की चिंता करता नजर आ रहा है।

वीडियो में युवक सड़क किनारे पानी से भरी सीमेंट की टंकी के पास बैठा दिखाई दे रहा है। उसके कपड़े जलकर शरीर से चिपक गए हैं। आसपास मौजूद लोग उस पर पानी डालकर राहत देने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान एंबुलेंस पहुंचती है और लोग उसे अस्पताल चलने के लिए कहते हैं। युवक जवाब देता है, “मेरे पास पैसे रखे हैं।” इस पर एक शख्स उसे समझाता है कि पहले इलाज जरूरी है। पैसे बाद में देख लेंगे।
बाइक में स्पार्क से भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, पचोर शहर के बीच चुन्नीलाल मुन्नालाल एंड संस फर्म का भारत पेट्रोल पंप है। घटना के समय 12 हजार लीटर क्षमता वाले डीजल टैंकर से ईंधन खाली किया जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी दौरान एक बाइक में स्पार्क हुआ, जिससे आग भड़क गई।
बताया जा रहा है कि पंप पर केन में भी ईंधन दिया जा रहा था, जिसके कारण आग तेजी से फैली। कुछ ही सेकंड में पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। लपटें इतनी तेज थीं कि वहां मौजूद लोगों को संभलने या वाहन हटाने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में 13 लोग झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पचोर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इंदौर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज पचोर और शाजापुर के अस्पतालों में चल रहा है।
पेट्रोल पंप पर सुरक्षा मानकों के पालन और घटना के दौरान ईंधन भरने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है।
घायलों से मिले मंत्री गौतम टेटवाल
राजगढ़ जिले के पचोर स्थित पेट्रोल पंप पर आग लगने की घटना के बाद मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल मंगलवार सुबह शाजापुर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और इलाज को लेकर भरोसा दिलाया।
कहा- राज्य सरकार उठाएगी इलाज का खर्च
मंत्री टेटवाल ने घायलों और उनके परिजनों से कहा कि राज्य सरकार उनके इलाज की पूरी व्यवस्था करेगी। किसी भी घायल को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का भी फोन आया था, जिसके बाद वे स्वयं अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने आए हैं।
Khabar Monkey
बाइक में पेट्रोल डालते ही लगी आग, 12 लोग झुलसे
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात पेट्रोल पंप पर भीषण आग लग गई। आग की चपेट में डीजल से भरा टैंकर भी आ गया। हादसे में 12 लोग झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। एक घायल को इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 8:30 बजे चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर हुआ। पंप पर काम करने वाले सेल्समैन जगदीश धनगर ने बताया कि एक बाइक में अचानक स्पार्क हुआ और आग लग गई। हादसे के दौरान 5 धमाके भी हुए।





