साल की शुरुआत से ही अभिनेता रणवीर सिंह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। कभी ‘धुरंधर’ की सफलता, कभी ‘कांतारा’ विवाद और फिर ‘डॉन 3’ से उनके बाहर होने को लेकर शुरू हुई कंट्रोवर्सी ने उन्हें चर्चा में रखा। सोमवार को फिल्म संगठन फेडेरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एमप्लॉइज ने रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया, क्योंकि उन्होंने कथित तौर पर फिल्म ‘डॉन 3’ की शूटिंग शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले प्रोजेक्ट छोड़ दिया था।

इसी विवाद के बीच रणवीर सिंह का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो जुलाई 2018 का है, जब रणवीर ने आध्यात्मिक गुरु सदगुरु के साथ आईआईएम बैंगलोर एलुमनाई लीडरशिप कॉन्क्लेव में मंच साझा किया था। दोनों के बीच मजाकिया बातचीत और गहरी चर्चा देखने को मिली थी, जिसका अंत डांस के साथ हुआ था।
वायरल क्लिप में रणवीर कहते नजर आते हैं कि उन्होंने ट्विटर पर लोगों से पूछा था कि उन्हें सदगुरु से क्या सवाल करना चाहिए। रणवीर ने बताया कि करीब 80 फीसदी फॉलोअर्स चाहते थे कि वह “जिंदगी का मकसद क्या है?” यह सवाल पूछें।
के सवाल पर सदगुरु ने जवाब दिया, “जब आप पूछते हैं कि जिंदगी का उद्देश्य क्या है, तो असल में आप पूछ रहे होते हैं कि जिंदगी का उपयोग क्या है?” इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “कोई उपयोग नहीं है। अगर आप पैदा भी नहीं होते तो भी सब ठीक रहता। यकीन मानिए, शायद और बेहतर होता।” सदगुरु की यह बात सुनकर रणवीर जोर-जोर से हंसने लगे।
सदगुरु ने आगे कहा, “जिंदगी का कोई तय उद्देश्य नहीं है। जीवन एक ऐसा अनुभव है जो हमारी तर्क और बुद्धि से कहीं बड़ा है। हर चीज का मतलब और उपयोग ढूंढना जरूरी नहीं होता।”
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक फैन ने लिखा, “इस इंटरव्यू क्लिप को रिलीज करने का टाइमिंग देखो।” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “रणवीर सिंह में 360 डिग्री बदलाव दिख रहा है।” एक अन्य फैन ने लिखा, “रणवीर पूरी तरह बदल चुके हैं।”
वहीं ‘डॉन 3’ विवाद को लेकर FWICE का आरोप है कि रणवीर सिंह ने कई सालों की प्लानिंग और प्री-प्रोडक्शन के बाद फिल्म छोड़ दी, जिससे निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर और उनकी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक होटल बुकिंग, विदेशी शूटिंग शेड्यूल और अन्य तैयारियों पर पहले ही भारी खर्च किया जा चुका था।
Khabar Monkey
FWICE का यह भी कहना है कि रणवीर ने उन्हें भेजे गए कई नोटिस का जवाब नहीं दिया, जिसके बाद यह नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया गया। हालांकि बाद में संगठन ने स्पष्ट किया कि यह “बैन” नहीं बल्कि एक नोटिस है, जिसमें सदस्यों से फिलहाल रणवीर के साथ काम न करने की अपील की गई है।





