Bollywood Superstar Amitabh Bachchan Throwback: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने करियर में खूब नाम कमाया है और वे उन चुनिंदा लोगों में से एक हैं जिन्होंने देश का नाम दुनियाभर में ऊंचा किया है. फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें 5 दशक से ज्यादा का समय हो गया है और अभी भी एक्टर हर साल बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहते हैं. साल 2024 में ही उनकी फिल्म कल्कि 2898 एडी ने कमाल किया था और काफी अच्छी कमाई की थी. अब वे इसके दूसरे पार्ट की शूटिंग में बिजी हो चुके हैं और कुछ समय पहले उन्होंने सुपरस्टार कमल हासन के साथ सेट से अपनी फोटो भी शेयर की थी.

मगर ऐसा नहीं है कि की सारी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर चलती ही हों. करीब 27 साल पहले एक्टर की एक ऐसी मूवी भी आई थी जिसने कलेक्शन के मामले में तो बंटाधार कर दिया था लेकिन बाद में फिल्म को टीवी में इतना देखा गया कि उसे ‘टीवी की शोले’ नाम से भी जाना गया. ये फिल्म थी सूर्यवंशम और इस फिल्म में अमिताभ बच्चन डबल रोल प्ले करते नजर आए थे. अब ये फिल्म सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी करिश्मा कर रही है. फिल्म को यूट्यूब पर ही 800 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं.
सूर्यवंशम फिल्म का यूट्यूब पर कमाल
बॉलीवुड फिल्म सूर्यवंशम की बात करें तो इस फिल्म को यूट्यूब पर भर-भरकर व्यूज मिले हैं. फिल्म के तीन अलग-अलग प्रिंट यूट्यूब पर मौजूद हैं. जिनके व्यूज 626 मिलियन, 128 मिलियन और 73 मिलियन हैं. इसे जोड़ लिया जाए तो यूट्यूब पर इस फिल्म को 827 मिलियन व्यूज मतलब 82 करोड़ से ज्याा व्यूज मिले हैं जो अपने आप में इस फिल्म की पॉपुलैरिटी बयां करता है. इसके अलावा भी फिल्म के छोटे-छोटे वीडियोज सोशल मीडिया पर देखने को मिलते रहते हैं.
टीवी पर भी फिल्म ने हासिल की खूब पॉपुलैरिटी
एक समय ऐसा था जब सेट मैक्स पर आए दिन ये फिल्म रिलीज होती रहती थी और अभी भी ये सिलसिला जारी है. दरअसल इस चैनल ने सूर्यवंशम फिल्म के सैटेलाइट राइट्स 100 सालों के लिए खरीदे हुए हैं और यही वजह है कि इस फिल्म को टीवी पर फैंस आए दिन देखते नजर आते हैं. अनुबंध के हिसाब से माना जाए तो टीवी पर ये फिल्म साल 2099 तक आती रह सकती है. खुद ही समझ लीजिए कि इस फिल्म का जलवा आखिर कैसा है.
बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी अमिताभ बच्चन की फिल्म
लेकिन अमिताभ बच्चन की इस फिल्म को लेकर तो खास बात ये है कि जब साल 1999 में ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी तो उस दौरान इसे ज्यादा दर्शक नहीं मिले थे. इसकी सबसे बड़ी वजह तो खुद अमिताभ बच्चन ही थे. दरअसल ये वो दौर था जब अमिताभ बच्चन की फिल्में कोई खास कमाल नहीं दिखा पा रही थीं और उन्हें बैक टू बैक फ्लॉप्स का सामना करना पड़ रहा था. अगर उनकी कोई फिल्म चलती भी थी तो वो मल्टीस्टारर होती थी. एक्टर ने इस दौरान फिल्मों में काम करना कम भी कर दिया था. हालांकि इसके कुछ सालों बाद ही उनका दौर फिर से वापस आया और आज भी सुपरस्टार का कद इंडस्ट्री में सबसे ऊंचा है.
सूर्यवंशम फिल्म की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक 7-8 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म दुनियाभर में किसी तरह 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही कर सकी थी जो मेकर्स की उम्मीद से काफी कम था. फिल्म किन्हीं कारणों से दर्शकों तक अपनी रीच पुख्ता नहीं कर पाई थी और बिलो एवरेज रही थी. हालांकि आज ये फिल्म देश की सबसे पॉपुलर फिल्मों में से एक मानी जाती है.
–
कब आई थी सूर्यवंशम?
सूर्यवंशम फिल्म की बात करें तो ये फिल्म सिनेमाघरों में 21 मई 1999 में रिलीज हुई थी. इसका निर्देशन ई वी वी सत्यनारायणा ने किया था. वहीं एक्टर विक्रमम ने इस फिल्म की कहानी लिखी थी. ये तमिल फिल्म सूर्यवमसम का रीमेक थी. इस फिल्म का संगीत अनु मलिक ने दिया था. फिल्म की कास्ट की बात करें तो इसमें अमिताभ बच्चन का डबल रोल था. वे बाप-बेटे के रोल में नजर आए थे. उनके अलावा फिल्म में सौंदर्या, रचना बनर्जी, अनुपम खेर, बिंदू, शिवाजी साटम, कादर खान, नीलिमा अजीम और मुकेश ऋषि भी नजर आए थे.
भले ही इस फिल्म को आए लगभग 3 दशक का समय हो रहा है लेकिन इसके बाद भी फिल्म से जुड़ी यादें लोगों के दिलों में ताजा हैं. कई लोग जो बचपन से इस फिल्म को टीवी पर देख रहे हैं वे अब बड़े भी हो गए हैं और उनकी आने वाली पीढ़ियां इस फिल्म को देखती हैं. यही तो इस मास्टरपीस फिल्म को टाइमलेस और एवरग्रीन बनाता है.





