Kusumgar IPO: शेयर बाजार में निवेश करके मुनाफा कमाने की राह देख रहे निवेशकों के लिए एक शानदार मौका दरवाजे पर दस्तक दे रहा है. 8 जुलाई से इंजीनियर्ड फैब्रिक का निर्माण करने वाली दिग्गज कंपनी ‘कुसुमगर’ का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी आईपीओ खुलने जा रहा है. ग्रे मार्केट के अनुमान के हिसाब से 14,665 रुपये का निवेश करके करीब 5,810 रुपये तक की कमाई हो सकती हैं.

8 जुलाई को खुलेगा IPO
कुसुमगर का यह आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए सोमवार, 8 जुलाई को खुलेगा और निवेशक 10 जुलाई तक इसके लिए अपनी बोलियां लगा सकेंगे. जो निवेशक इस तय अवधि में आवेदन करेंगे, उन्हें 13 जुलाई को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा. शेयर बाजार की मानक प्रक्रिया के अनुसार, जिन लोगों को शेयर आवंटित नहीं हो पाएंगे, उनका पैसा 14 जुलाई को उनके बैंक खाते में रिफंड कर दिया जाएगा. वहीं, सफल निवेशकों के डीमैट खाते में उसी दिन शेयर क्रेडिट हो जाएंगे. अंत में, 15 जुलाई को कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के मंच पर आधिकारिक रूप से लिस्ट हो जाएंगे.
प्रमोटर्स बेच रहे हैं अपनी हिस्सेदारी
किसी भी कंपनी में पैसा लगाने से पहले यह समझना बेहद जरूरी है कि जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां होगा. कुसुमगर का यह 650 करोड़ रुपये का इश्यू पूरी तरह से ‘ऑफर फॉर सेल’ है. इसका सीधा अर्थ यह है कि कंपनी इस आईपीओ के जरिए कोई नया फंड या कैपिटल नहीं जुटा रही है. इसमें कंपनी के मौजूदा प्रमोटर्स अपनी हिस्सेदारी बाजार में बेच रहे हैं. आईपीओ से मिलने वाली पूरी रकम सीधे तौर पर शेयर बेचने वाले प्रमोटर्स के पास जाएगी, न कि कंपनी के आंतरिक विकास कार्यों में इसका इस्तेमाल होगा.
ग्रे मार्केट में दांव का पूरा गणित
अब बात करते हैं आपके मुनाफे की. कंपनी ने इस इश्यू के लिए 398 रुपये से लेकर 419 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. एक लॉट में 35 शेयर रखे गए हैं. इसका मतलब है कि एक खुदरा निवेशक को कम से कम एक लॉट के लिए 14,665 रुपये निवेश करने होंगे. आप अधिकतम 13 लॉट के लिए 1,90,645 रुपये तक की बोली लगा सकते हैं. मुनाफे की उम्मीद इसलिए ज्यादा है क्योंकि 7 जुलाई की शाम 5 बजे तक ग्रे मार्केट में कुसुमगर का शेयर 166 रुपये के भारी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था.
अगर यही ट्रेंड लिस्टिंग के दिन तक बरकरार रहता है, तो अपर प्राइस बैंड के हिसाब से शेयर करीब 39.62 फीसदी प्रीमियम के साथ बाजार में कदम रख सकता है. इस गणित के अनुसार, एक लॉट पर निवेशक को सीधे 5,810 रुपये का फायदा हो सकता है. हालांकि, यहां यह ध्यान रखना जरूरी है कि जीएमपी केवल एक अस्थाई संकेत होता है और बाजार के उतारचढ़ाव के साथ इसमें कभी भी बदलाव देखने को मिल सकता है.
किस क्षेत्र में काम करती है कंपनी
कुसुमगर मुख्य रूप से उच्च गुणवत्ता वाले ‘इंजीनियर्ड फैब्रिक’ बनाने का काम करती है. कंपनी के उत्पाद बुने हुए, कोटेड और लैमिनेटेड सिंथेटिक फैब्रिक की श्रेणी में आते हैं. कंपनी का ग्राहक आधार काफी मजबूत और विविधतापूर्ण है, जिसमें एयरोस्पेस, रक्षा , ऑटोमोबाइल, इंडस्ट्रियल, आउटडोर और लाइफस्टाइल जैसे कई महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं.




