देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. दिल्ली में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में धूप निकल रही है. वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का अलर्ट है. वहीं गोवा में उमस से लोगों का बुरा हाल है.

दिल्ली में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है. सुबह और रात के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है. हालांकि, दोपहर में धूप निकलने के कारण तापमान में ज्यादा गिरावट महसूस नहीं हो रही है.
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 27 अक्टूबर तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बने रहने की संभावना है. इस दौरान दिन में धूप और सुबहशाम हल्की ठंड का असर देखने को मिल सकता है.
दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी
दक्षिण भारत के कई राज्यों में 22 से 27 अक्टूबर के बीच बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 27 अक्टूबर के दौरान अलगअलग दिनों में बारिश हो सकती है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी इस अवधि में कई जगह बारिश होने की संभावना है.
कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 22 से 24 अक्टूबर के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी 22 से 27 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है.
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 25 अक्टूबर के दौरान कहींकहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 26 अक्टूबर को भी इन क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार हैं.
केरल और माहे में 22 अक्टूबर तथा 24 से 25 अक्टूबर के दौरान बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 23 अक्टूबर और 26 से 27 अक्टूबर को भी कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 23 और 24 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है.
गरज के साथ तेज हवाएं चलने के आसार
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका भी है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 से 26 अक्टूबर के दौरान कुछ जगह गरजचमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
केरल, माहे और लक्षद्वीप में 24 से 25 अक्टूबर के दौरान भी ऐसी स्थिति बन सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है.
पूर्वी भारत में भी बारिश के आसार
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 22 से 27 अक्टूबर तक कई जगह बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. ओडिशा में 26 और 27 अक्टूबर को छिटपुट बारिश होने की संभावना है. वहीं, उत्तरपश्चिम, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में इस सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है.