: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक समाप्त हो गई है। बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए दी। बैठक में चीनी मिलों को आर्थिक सहायता देने, मेडिकल छात्रों के लिए सेवा अनुबंध, कर्मचारियों की भर्ती और आयु सीमा में छूट से लेकर हरिद्वार में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट कॉरिडोर बनाने जैसे अहम फैसले लिए गए।

चीनी मिलों को मिलेगी ₹207.75 करोड़ की बैंक गारंटी
कैबिनेट ने राज्य की चीनी मिलों को बड़ी राहत देते हुए 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे चीनी मिलें बैंकों से कर्ज ले सकेंगी और अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा कर पाएंगी। इसके अलावा श्रम विभाग के तहत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को भी मंजूरी दी गई है। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत फार्मा संवर्ग के नियमों में संशोधन का फैसला भी लिया गया।
मेडिकल छात्रों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा
चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े फैसले में सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले छात्रों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पीजी की पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों को निर्धारित अवधि तक सेवाएं देनी होंगी। फार्मासिस्ट संवर्ग में डीफार्मा के साथ बीफार्मा की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को भी शामिल करने का फैसला लिया गया है। वहीं, उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी मिली है।
वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ी
कैबिनेट ने वन विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले में वन आरक्षी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इसके अलावा उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली के संबंध में मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। इस मामले में उपसमिति की सिफारिशों के आधार पर आगे फैसला होगा।
हरिद्वार में बनेंगे तीन PRT कॉरिडोर
कैबिनेट बैठक में हरिद्वार में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इनमें पहले कॉरिडोर के तहत सीतापुर से भारत माता मंदिर तक करीब 15 किलोमीटर के मार्ग पर 21 स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। परियोजना से शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
लैंड यूज बदलने की दरों में बड़ी राहत
आवास विभाग के तीन प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में राहत देने का फैसला किया गया है। इसके तहत बिल्डिंग बायलॉज में शिथिलता दी जाएगी। संबंधित मामलों में प्राधिकरण, उड़ा और शासन स्तर पर मंजूरी मिल सकेगी। वहीं, लैंड यूज बदलने की दरों को घटाकर पहले की तुलना में एक चौथाई से भी कम कर दिया गया है। इससे जमीन के उपयोग में बदलाव कराने वाले लोगों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
बापू ग्राम की वन भूमि को लेकर अहम फैसला
ऋषिकेश के बापू ग्राम की 594.94 एकड़ आरक्षित वन भूमि के मामले में भी कैबिनेट ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वन भूमि पर बसी आबादी वाले क्षेत्रों को डीनोटिफाई करने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार अब केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
कैबिनेट के अन्य अहम फैसले
उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक पद को मंजूरी दी गई।
उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव को मंजूरी मिली।
उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान को मंजूरी दी गई।
सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों के सृजन को स्वीकृति मिली।
आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के 5 और सहायक आयुक्त के 6 नए पदों को मंजूरी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के संबंध में फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के शुल्क की दर 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की गई। रॉयल्टी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय से संबंधित नियमावली में संशोधन किया गया।
उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई।
इस तरह धामी कैबिनेट की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इन फैसलों में कर्मचारियों, युवाओं, मेडिकल छात्रों, किसानों और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: