Saharanpur News: सहारनपुर जिले में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक बड़ी मुठभेड़ में एक लाख रुपए का इनामी बदमाश एहसान कपूरी मारा गया. इस दौरान बदमाशों की ओर से पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें चिलकाना थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए. थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोलियां लगीं, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.

बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चिलकाना थाना क्षेत्र के हरड़ाखेड़ा इलाके में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बदमाश बाइक मोड़कर सरसावा की ओर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने सरकारी वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग में सरकारी गाड़ी के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए.
घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सरसावा थाना पुलिस सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई. भागते हुए बदमाश इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित एक बाग में घुस गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर लगातार गोलियां चलाने लगे. इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी.
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही SSP अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए और खुद मोर्चा संभाल लिया. इसी दौरान बदमाशों की दो गोलियां चिलकाना थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगीं. बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण चिलकाना थाना प्रभारी सुरक्षित बच गए.
Khabar Monkey
सरसावा थाना प्रभारी को लगी गोली
हालांकि मुठभेड़ के दौरान सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा के बाजू में गोली लग गई, जबकि सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल सोनू शर्मा के हाथ में गोली लगी. दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपए का इनामी बदमाश एहसान कपूरी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
एहसान कपूरी पर कुल 31 केस दर्ज थे
पुलिस के अनुसार, एहसान कपूरी पर लूट, डकैती, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में 31 मुकदमे दर्ज थे. वह बेहट थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और लंबे समय से फरार चल रहा था. मौके से पुलिस ने चार अवैध हथियार, भारी मात्रा में कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है. वहीं दूसरा बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. उसकी तलाश में पुलिस द्वारा इलाके में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने चिलकाना थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
DIG अभिषेक सिंह ने दी जानकारी
सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंचे DIG अभिषेक सिंह ने बताया कि SSP अभिनंदन के लीडरशिप में यह एनकाउंटर हुआ है. इसमें एहसान कपूरी, जो कि सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला था और उस पर 31 मुकदमे दर्ज थे. इनमें अकेले 13 मुकदमे लूट के थे. एहसान टॉप-10 अपराधी था. बेहट में हुई डकैती में भी यह शामिल था.





