Singhara Health Benefits: सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में सिंघाड़े चारो तरफ दिखाई देने लगते हैं। इसे वाटर चेस्टनट भी कहते हैं, यह स्वाद के साथसाथ पोषण से भी भरपूर होता है। पानी में उगने वाला यह कंद कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स का अच्छा स्रोत है। यही वजह है कि इसे सर्दियों के हेल्दी फूड में शामिल किया जाता है।

आयुर्वेद में सिंघाड़े को पौष्टिक और ठंडी तासीर वाला खाद्य पदार्थ माना गया है। वहीं, न्यूट्रिशन साइंस के मुताबिक इसमें मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। संतुलित मात्रा में इसका सेवन पाचन से लेकर इम्यूनिटी तक के लिए फायदेमंद हो सकता है।
सिंघाड़े में कौन कौन पोषक तत्व?
यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर के अनुसार, सिंघाड़े में फाइबर, पोटेशियम, मैग्नीशियम, मैंगनीज, फॉस्फोरस और कॉपर जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा इसमें विटामिन B6, विटामिन C और विटामिन E भी मौजूद होते हैं।
‘द जर्नल ऑफ फाइटोफार्माकोलॉजी’ में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, सिंघाड़े में मौजूद माइक्रोन्यूट्रिएंट्स शरीर के सामान्य कामकाज और पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मददगार हो सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें:
सिंघाड़ा खाने के 5 बड़े फायदे
1. शरीर को देता है ऊर्जा
सिंघाड़े में कार्बोहाइड्रेट की अच्छी मात्रा होती है, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करती है। सर्दियों में इसे डाइट में शामिल करने से शरीर को ऊर्जा मिल सकती है। थकान और कमजोरी महसूस होने पर इसे खा सकते हैं।
2. पाचन तंत्र को रखता है दुरुस्त
सिंघाड़े में भरपूर मात्रा में डाइटरी फाइबर पाया जाता है। यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और आंतों की सेहत बनाए रखने में मदद करता है। इसके सेवन से कब्ज की समस्या से राहत मिल सकती है। साथ ही फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में भी सहायक होता है।
3. इम्यूनिटी बढ़ाने में करता है मदद
सिंघाड़े में विटामिन C और एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं। ये शरीर को ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस से बचाने और इम्यून सिस्टम के सामान्य कामकाज में मदद करते हैं। सर्दियों में संतुलित डाइट के साथ सिंघाड़े का सेवन शरीर की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद करता है।
4. त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद
सिंघाड़े में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सिडेंट त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। विटामिन C कोलेजन के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है। वहीं, इसमें मौजूद कुछ जरूरी मिनरल्स बालों और त्वचा की सामान्य सेहत बनाए रखने में मददगार होते हैं।
5. वजन नियंत्रित रखने में मददगार
सिंघाड़े में फाइबर पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है। इससे बारबार भूख लगने और जरूरत से ज्यादा खाने की आदत को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। संतुलित मात्रा में इसका सेवन वजन नियंत्रित रखने वाली डाइट का हिस्सा बन सकता है।
किस तरह करें सिंघाड़े का सेवन?
सिंघाड़े को कई तरीकों से अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है। इसे उबालकर, कच्चा , सब्जी के रूप में या फिर सिंघाड़े के आटे से बनी रोटी और हलवा बनाकर खाया जा सकता है।
हालांकि, किसी भी खाद्य पदार्थ की तरह सिंघाड़े का सेवन भी संतुलित मात्रा में करना चाहिए। कच्चा सिंघाड़ा खाने से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है। डायबिटीज के मरीज भी इसकी कार्बोहाइड्रेट मात्रा को ध्यान में रखकर अपनी डाइट में शामिल करें।
नोट: इस लेख में दी गई जानकारियां सामान्य सूचनाओं पर आधारित है। बंसल न्यूज इसकी पुष्टि नहीं करता। अमल में लाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें।
ये खबर भी पढ़ें: