: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के किंगांव में दशहरे के मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन के रास्ते को लेकर विवाद हो गया। धार्मिक स्थल के सामने से जुलूस निकालने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और महिलाएं सड़क पर बैठकर विरोध करने लगीं। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया और पथराव की घटना सामने आई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

यह मामला जलगांव जिले के यावल तालुका स्थित किंगांव का है। दशहरे के अवसर पर यहां की ओर से पथ संचलन निकाला जाना था। पुलिस के मुताबिक, जुलूस के निर्धारित मार्ग को लेकर एक पक्ष ने विरोध जताया। धार्मिक स्थल के सामने से जुलूस निकालने पर आपत्ति के चलते कुछ महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया।
विरोध के बाद बिगड़े हालात, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
जुलूस के रास्ते को लेकर शुरू हुआ विरोध धीरेधीरे बढ़ने लगा। इसी बीच इलाके में पथराव हुआ। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी और अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जुलूस को निर्धारित नियमों के तहत अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद रास्ते को लेकर विरोध हुआ। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं होने पर भीड़ को हटाने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी।
ये भी पढ़ें:
SP समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही जलगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, एएसपी संदीप गावित और डिवीजनल पुलिस अधिकारी अनिल बडगुजर समेत वरिष्ठ अधिकारी किंगांव पहुंचे। इसके अलावा भुसावल, यावल और रावेर से भी पुलिस बल बुलाया गया, ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
ये भी पढ़ें:
SP बोले अब हालात नियंत्रण में
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति है। उन्होंने कहा कि पथ संचलन के विरोध को देखते हुए पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक संबंधित पक्ष को समझाने का प्रयास किया। उनके मुताबिक, जुलूस को नियमानुसार अनुमति दी गई थी।एसपी ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद RSS का पथ संचलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। फिलहाल, किंगांव में एहतियात के तौर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: