RBI New Rules: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने 7 अक्टूबर को देश के वित्तीय सेक्टर में बड़ा बदलाव करते हुए एक नई व्यवस्था का ऐलानकिया. केंद्रीय बैंक ने नॉनबैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी अकाउंट एग्रीगेटर्स के बीच इंटरऑपरेबिलिटी लागू करने का फैसला लिया है. इसका मकसद ग्राहकों की सुविधा बढ़ाना और उनके लिए वित्तीय डेटा साझा करने की प्रक्रिया को पहले से आसान बनाना है. इस बड़े नीतिगत फैसले की खबर आते ही शेयर बाजार में उत्साह दिखा और फिनटेक से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली.

क्या है नया नियम, ग्राहकों को क्या मिलेगा लाभ
केंद्रीय बैंक के नए फैसले के बाद अब कोई भी ग्राहक अपनी पसंद के किसी भी लाइसेंस्ड अकाउंट एग्रीगेटर के जरिए अपना डेटा एक्सेस और शेयर कर सकेगा. अगर कोई यूजर Finvu, OneMoney या CAMS Finserv जैसे किसी भी अकाउंट एग्रीगेटर ऐप पर रजिस्टर्ड है, तो वो पूरे नेटवर्क पर मौजूद किसी भी रेगुलेटेड कंपनी के साथ आसानी से डेटा साझा कर सकता है. इसमें बैंक, कर्ज देने वाले संस्थान और वेल्थ मैनेजर शामिल हैं. पहले अलगअलग ऐप्स के बीच जो तकनीकी रुकावटें थीं, वे अब खत्म हो जाएंगी. इस कदम से अकाउंट एग्रीगेटर सिस्टम पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और स्मूद हो जाएगा, जिससे सही समय पर सही वित्तीय डेटा मिलना आसान होगा.
डीमैट, बैंक खातों का एक जगह मिलेगा पूरा ब्योरा
आरबीआई ने सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया के तहत काम करने वाली डिपॉजिटरी को लेकर भी एक बड़ा निर्देश दिया है. डिपॉजिटरी को अब ये सुविधा दी जा रही है कि वे अकाउंट एग्रीगेटर्स के जरिए अपने कंसोलिडेटेड अकाउंट स्टेटमेंट में बैंक डिपॉजिट की जानकारी भी जोड़ सकें.
अब डीमैट खाता रखने वाले लोग अपने शेयरों और म्यूचुअल फंड्स के साथसाथ बैंक डिपॉजिट का पूरा ब्योरा एक ही जगह पर देख सकेंगे. इतना ही नहीं, जिन लोगों के पास डीमैट खाता नहीं है, वे भी अपने पूरे वित्तीय डेटा का कंसोलिडेटेड व्यू देख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इसे आसानी से साझा कर सकते हैं. आरबीआई के मुताबिक इन दोनों सुधारों को 31 दिसंबर तक पूरी तरह लागू करने की उम्मीद है.
पाइन लैब्स में जोरदार उछाल
आरबीआई के इस एलान का सबसे तेज असर शेयर बाजार में पाइन लैब्स के शेयरों पर दिखा. दिन के कारोबार में ये शेयर 4.5 फीसदी से ज्यादा चढ़ा और दोपहर 12 बजे के करीब इसमें 11.00 रुपए यानी 6.37 फीसदी की बढ़त देखी गई. इस समय शेयर 184 रुपए के आसपास ट्रेड कर रहा था. कारोबार के दौरान इसका दिन का हाई 184.70 रुपए रहा, जबकि इसका 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 284 रुपए है.
इस दौरान स्टॉक का ट्रेडिंग वॉल्यूम 25,119,098 शेयर रहा और कंपनी का मार्केट कैप 21,170 करोड़ रुपए दर्ज किया गया. बीते रिकॉर्ड को देखें तो पाइन लैब्स ने पिछले 1 हफ्ते में 7.28 फीसदी और 1 महीने में 12.04 फीसदी की अच्छी बढ़त दिखाई है. हालांकि, इस साल अब तक ये शेयर 23 फीसदी तक नीचे फिसल चुका है.
CAMS के शेयरों में भी तेजी
अकाउंट एग्रीगेटर स्पेस की दूसरी प्रमुख कंपनी CAMS के शेयरों में भी निवेशकों ने अच्छी दिलचस्पी दिखाई. कंपनी का शेयर 3.55 रुपए यानी 0.50 फीसदी की तेजी के साथ 697 रुपए के स्तर पर पहुंच गया. दिन के कारोबार में इसने 706 रुपए का हाई छुआ, जबकि इसका 52 हफ्तों का हाई 844 रुपए है.