: योग गुरु बाबा रामदेव की ओर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की आलोचना किए जाने के बाद दोनों संतों के बयान सामने आए हैं। रामदेव बाबा ने कहा कि बागेश्वर बाबा उनके बालक समान हैं और उन्हें जो बात अनुचित लगी, उस पर उन्होंने अधिकार से डांट दिया। वहीं धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि रामदेव उनके बड़े, वरिष्ठ और अभिभावक हैं। उन्हें उनकी निंदा भी स्वीकार है और स्तुति भी स्वीकार है।

रामदेव बोले बागेश्वर बाबा हमारे बालक समान
बाबा रामदेव ने कहा कि बागेश्वर बाबा हमारे बालक समान हैं। वे हमारे अनुज और शिष्य हैं। हमें जो बात अनुचित लगी और जिससे हम आहत हुए, उस पर अधिकारपूर्वक उन्हें डांट दिया। उन्होंने भी हमारी फटकार को प्यार समझकर स्वीकार किया। यह उनकी महानता है। रामदेव ने आगे कहा कि इस मामले में किसी तरह का बवाल नहीं करना चाहिए। उनके और बागेश्वर बाबा के समर्थकों को आपस में नहीं लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी फूट, विदेशियों की लूट और समाज के जिम्मेदार लोगों के झूठ ने देश को बहुत पीछे धकेला है।
धीरेंद्र शास्त्री बोले निंदा भी स्वीकार, स्तुति भी स्वीकार
बाबा रामदेव की आलोचना पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि चार दिन पहले ही स्वामी जी ने मंच से उनकी खूब प्रशंसा की थी। अब कोई बात उन्हें अच्छी नहीं लगी होगी, तो उन्होंने कह दिया। इसमें उन्हें कुछ भी असहज नहीं लगता। उन्होंने कहा कि वे रामदेव के शब्दों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे। वे उनके बड़े, वरिष्ठ और अभिभावक हैं। उन्होंने हमेशा उन्हें स्नेह दिया है और उन्होंने भी रामदेव को सदैव अभिभावक के रूप में देखा है। हमें उनकी निंदा भी स्वीकार है और स्तुति भी स्वीकार है।
रामकृष्ण तुलना विवाद पर शांत हुए सुर! रामदेव के तीखे बयान के बाद धीरेंद्र शास्त्री बोले निंदा और प्रशंसा दोनों स्वीकार!
योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा बिना नाम लिए की गई सख्त टिप्पणी के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रतिक्रिया सामने आई है। पंजाब… pic.twitter.com/T1ZFteQnSZ
— Bansal News Official November 24, 2026
‘संतों की वाणी हमारे लिए शिरोधार्य’
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जब 4 दिन पहले स्वामी रामदेव ने उनकी प्रशंसा की थी, तब भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। अब आलोचना पर भी कुछ कहना उचित नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वामी जी ने अपने बयान में उनका नाम तक नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि हम सदा संतों के थे और सदा हिंदुओं के हैं। हम समाज को जोड़ने के लिए हैं, तोड़ने के लिए नहीं। संतों की वाणी हमारे लिए हमेशा शिरोधार्य है।
ये खबर भी पढ़ें:
रामदेव बाबा ने धीरेंद्र शास्त्री को कहा था पाखंडी और धूर्त
योग गुरु बाबा रामदेव ने रविवार को जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की आलोचना की थी। उन्होंने उन्हें पाखंडी, ढोंगी और धूर्त तक कह दिया था। रामदेव ने भगवान कृष्ण को टेढ़ेमेढ़े कहने पर भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि कुछ कथाकार धर्म और भूतप्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराकर उनका शोषण करते हैं। लोग वेदपुराण नहीं पढ़ते और न ही संविधान व लोकतंत्र की समझ रखते हैं, लेकिन खुद को सनातनी बताकर हिंदू धर्म बचाने की बात करते हैं।
रामदेव ने भगवान राम और भगवान कृष्ण का जिक्र करते हुए कहा था कि कृष्ण को टेढ़ा कहने के बाद माफी मांगना और फिर बांके बिहारी के सामने मत्था टेकना, इसके बावजूद ऐसी बातें दोहराना गलत है। उन्होंने कहा था कि समाज में किसी को भी मर्यादा और अनुशासन के खिलाफ हल्की बातें बोलने का अधिकार नहीं है।