Varanasi Meat Ban: आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है. नवरात्रि और भारतीय वायु सेना के भव्य कार्यक्रम को देखते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मीट दुकाने बंद रहेंगी. वाराणसी नगर निगम की ओर से मीट की दुकानों को लेकर ये आदेश जारी किया गया है. दो अलगअलग चरणों में पूर्ण प्रतिबंध का आदेश जारी किया गया है. पहले चरण में नवरात्रि को देखते हुए पूरे शहर की दुकानें बंद रहेंगी.

वहीं दूसरे चरण में नमो घाट पर होने वाले ऐतिहासिक एयर शो के मद्देनजर मांस की कटिंग और बिक्री पर रोक बढ़ाई गई है. श्री काशी विश्वनाथ धाम के 2 किलोमीटर क्षेत्र में भी मांस मछली की बिक्री व पशुवध पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए ये आदेश जारी किया गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
वाराणसी के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी ने क्या कहा?
कर्मचारी इस दौरान चेकिंग अभियान चलाएंगे. सभी जोन के कर्मचारियों को चेकिंग अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वाराणसी के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि शारदीय नवरात्रि को देखते हुए व श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और पवित्रता को बनाए रखने के लिए 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक शहर की सभी मांस, मछली और मुर्गी की दुकानों को पूरी तरह से बंद रखने का सख्त निर्देश दिया गया है.
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस दौरान नगर निगम के सभी जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों को जमीन पर उतरकर सघन अभियान चलाने वाले हैं, ताकि आदेश का कड़ाई से अनुपालन हो सके. शहर के किसी भी धार्मिक स्थल या मंदिर के 500 मीटर के परिक्षेत्र में मांस की बिक्री और पशुवध पर पूरी तरह रोक लगाई गई है. श्री काशी विश्वनाथ धाम को केंद्र मानकर उसके दो किलोमीटर की परिधि में मांस की बिक्री, उपयोग और पशुवध को पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है.
अंतिम सप्ताह में आयोजित होगा एयर शो
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में वाराणसी के नमो घाट पर एयर शो का भी आयोजित किया जाने वाला है. इसको देखते हुए 19 से 26 अक्टूबर तक नमो घाट के 30 किलोमीटर की परिधि में मांस कटिंग और बिक्री पर भी पूरी तरह से पांबदी लागू रहेगी. ऐसा लड़ाकू विमान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देखते हुए किया गया है.