दिल्ली की एक अदालत ने IRS अधिकारी की बेटी की हत्या और रेप मामले के आरोपी को 7 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी राहुल मीणा की आज पुलिस हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसेे 7 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

दरअसल, दक्षिण दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में 22 अप्रैल की सुबह एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की उसके घर में ही हत्या कर दी गई थी। अपराध करने के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घर के आस-पास और कॉलोनी के CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में दिखा कि आरोपी घर में दाखिल हुआ और करीब 45 मिनट बाद बाहर निकला। बाहर निकलते समय उसके पास एक काला बैकपैक था और उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे।
राहुल मीणा IRS अधिकारी के घर में पहले घरेलू सहायक के रूप में काम कर चुका था, इसलिए परिवार ने फुटेज देखते ही उसे पहचान लिया। जांच में यह भी सामने आया कि वह राजस्थान के अलवर का रहने वाला है। जब दिल्ली पुलिस अलवर पहुंची, तो पता चला कि वह वहां भी एक दिन पहले ही एक महिला से रेप करके भागा था।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी को ऑनलाइन गेम का लत था। ऑनलाइन गेम के चलते आरोपी पर करीब 5 लाख का कर्ज था। पैसे के लिए ही आरोपी अपने पुराने मालिक यानी IRS अधिकारी के पास आया था। गेम की लत की वजह से उसने अपना और अपने घरवालों के तीन मोबाइल भी बेच कर गेम में लगा दिए। मोबाइल के पैसे भी हारने के बाद आरोपी ने पुराने मालिक के घर चोरी की साजिश रची। आरोपी यहां करीब डेढ़ साल काम कर चुका था।
आरोपी बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचा। बुधवार सुबह वह कैलाश हिल्स स्थित अपने पूर्व मालिक (IRS अधिकारी) के घर पहुंचा। उसे घर के रास्तों और परिवार की दिनचर्या का पूरा पता था। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, राहुल सुबह 6:49 बजे स्पेयर चाबी से घर में घुसा। उसने सीधे छत पर बने स्टडी रूम में जाकर युवती पर हमला किया। पीड़िता IIT ग्रेजुएट थी और सिविल सेवा की तैयारी कर रही थी। आरोपी ने मोबाइल चार्जिंग केबल से युवती का गला घोंटा और फिर पास में पड़े लैंप से वार कर उसे बेहोश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बेहोशी की हालत में युवती के साथ रेप किया। वारदात के बाद उसने पीड़िता के खून से लथपथ शव को सीढ़ियों से नीचे घसीटा, ताकि उसके फिंगरप्रिंट से बायोमेट्रिक लॉकर खोला जा सके। लॉकर न खुलने पर उसने पेचकस से उसे तोड़ा और नकदी व जेवर लेकर 7:20 बजे फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल मीणा वारदात के बाद करीब 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हुआ था।





