मुंबई टी20 लीग के नए सीजन की शुरुआत एक जून से हुई जिसमें कई ऐसे भी खिलाड़ी खेल रहे हैं जो आईपीएल में अलग-अलग टीमों का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। इसी में एक नाम 23 साल के तेज गेंदबाज ओंकार तरमले का शामिल है जो आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के स्क्वाड में शामिल थे, लेकिन पूरा सीजन उन्होंने बेंच पर बैठे-बैठे ही बिता दिया। ओंकार तरमले ने अब मुंबई टी20 लीग में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स की तरफ से खेलते हुए आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के खिलाफ मुकाबले में अपने पहले ही ओवर में हैट्रिक लेने का कारनामा करने के साथ सभी को जवाब दिया है। मुंबई टी20 लीग के इतिहास में ओंकार तरमले हैट्रिक लेने का कारनामा करने वाले अब तक के सिर्फ दूसरे गेंदबाज हैं।

ओंकार ने वरुण, आकाश और अजीत को बनाया अपना शिकार
आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद पहले 2 ओवर्स में वह एक भी विकेट लेने में कामयाब नहीं हो सके। ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स टीम के कप्तान ऑलराउंडर खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर ने तीसरे ओवर को फेंकने की जिम्मेदारी ओंकार तरमले को सौंपी जिन्होंने दूसरी ही गेंद पर वरुण लवांदे का विकेट हासिल करते हुए उन्हें 10 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजने का काम किया। इसके बाद अगली गेंद पर ओंकार ने आकाश आनंद का विकेट हासिल किया तो वहीं इसके बाद अजीत यादव को एलबीडब्ल्यू करने के साथ अपनी हैट्रिक को पूरा कर लिया। इस मैच में ओंकार ने कुल 4 ओवर्स की गेंदबाजी में जहां सिर्फ 20 रन दिए तो वहीं तीन विकेट भी हासिल करने में कामयाब रहे।
Khabar Monkey
आखिर कौन हैं ओंकार तरमले
ओंकार तरमले को लेकर बात की जाए तो वह घरेलू क्रिकेट में मुंबई की तरफ से खेलते हैं तो वहीं आईपीएल 2026 के सीजन में वह सनराइजर्स हैदराबाद के स्क्वाड का हिस्सा थे। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें आईपीएल 2026 के प्लेयर ऑक्शन में 30 लाख रुपये में अपना हिस्सा बनाया था, लेकिन शुरुआत मैचों में वह जहां अनफिट थे तो वहीं फिट होने के बाद उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। अभी तक ओंकार तरमले ने 2 फर्स्ट क्लास और चार लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं। इसमें ओंकार के नाम पर फर्स्ट क्लास में जहां 5 विकेट दर्ज हैं तो वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में वह चार विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। मुंबई टी20 लीग के दूसरे सीजन की शुरुआत ओंकार ने काफी शानदार फॉर्म के साथ की है, जिसमें उन्होंने बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ पहले मैच में चार ओवर्स की गेंदबाजी में 28 रन देकर तीन विकेट हासिल किए थे, जिसमें उनकी टीम ने बाद में इस मुकाबले को एकतरफा 9 विकेट से अपने नाम किया था।












