इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में लीग स्टेज का 68वां मुकाबला लखनऊ सुपर जाएंट्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच में लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पंजाब किंग्स टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है, जिसमें लखनऊ ने अपनी प्लेइंग 11 में कुछ बदलाव किए हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स जिसका आईपीएल 2026 सीजन किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ है उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में प्लेइंग 11 में तेज गेंदबाज ऑलराउंडर खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर को मौका दिया है, जिन्होंने आईपीएल में अपना पिछला मुकाबला साल 2024 के सीजन में खेला था।
Khabar Monkey

अर्जुन तेंदुलकर को 735 दिनों के बाद मिला मौका
आईपीएल 2026 सीजन के लिए अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने प्लेयर ऑक्शन में अपने स्क्वाड का हिस्सा बनाया था, जिसमें इससे पहले वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हैं। इस सीजन सभी को उम्मीद थी कि अर्जुन को लखनऊ सुपर जाएंट्स मुकाबले खेलने के अधिक मौके देगी लेकिन उन्हें अब जाकर टीम के आखिरी लीग मुकाबले में मौका मिला है। अर्जुन तेंदुलकर ने आईपीएल में अपना पिछला मुकाबला साल 2024 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेला था, जिसमें वह मैच लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के खिलाफ था। वहीं अब 735 दिनों के लंबे इंतजार के बाद अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल में मुकाबला खेलने का मौका मिला है। अब तक अर्जुन तेंदुलकर ने आईपीएल में कुल 5 मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम बल्लेबाजी में जहां कुल 13 रन दर्ज हैं तो वहीं गेंदबाजी में वह कुल तीन विकेट ही हासिल कर सके हैं।
मिचेल मार्श इस वजह से नहीं खेल रहे मुकाबला
लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के अहम खिलाड़ी मिचेल मार्श इस मुकाबले से पहले टीम का साथ छोड़ गए हैं, जिसमें वह ऑस्ट्रेलिया की पाकिस्तान में होने वाली आगामी वनडे सीरीज में हिस्सा लेने के लिए चले गए। ऐसे में इस मैच में उनकी जगह पर ओपनिंग की जिम्मेदारी जोश इंग्लिश के साथ आयुष बडोनी संभाल रहे हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स का आईपीएल 2026 में जिस तरह का प्रदर्शन रहा है उसके बाद अगले सीजन में उनके स्क्वाड में कई बड़े बदलाव होना तय माना जा रहा है।





