भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेले जाने वाले टेस्ट मैच में टीम इंडिया 16 साल बाद घरेलू मैदान पर रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के बिना उतरेगी। ऐसे में कुलदीप यादव की अगुवाई वाली नई स्पिन यूनिट पर टीम को जीत दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

IND vs AFG, First Time in 16 Years: भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के साथ टीम इंडिया अपने लंबे इंटरनेशनल सीजन का आगाज करेगी। इस मुकाबले में सभी की नजरें शुभमन गिल की कप्तानी पर रहने वाली हैं, वहीं कई युवा खिलाड़ियों को भी खुद को साबित करने का मौका मिलेगा। घरेलू परिस्थितियों में भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत हमेशा से उसका स्पिन आक्रमण रहा है, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग नजर आने वाली है।
दरअसल, टीम इंडिया लंबे समय बाद घर पर बिना रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की जोड़ी के टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। पिछले एक दशक से अधिक समय तक इन दोनों दिग्गजों ने भारतीय स्पिन आक्रमण की कमान संभाली, लेकिन अब नई स्पिन यूनिट के सामने अपनी छाप छोड़ने की चुनौती होगी। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला युवा स्पिनरों के लिए अग्निपरीक्षा से कम नहीं माना जा रहा है।
IND vs AFG: 16 साल बाद घर में नहीं दिखेगी अश्विन-जडेजा की जोड़ी
भारतीय क्रिकेट में अश्विन और जडेजा की जोड़ी ने घरेलू टेस्ट क्रिकेट में कई यादगार जीत दिलाई हैं। हालांकि इस बार दोनों खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे। रविचंद्रन अश्विन ने 2024 के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, जबकि रवींद्र जडेजा को वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते इस टेस्ट के लिए आराम दिया गया है। ऐसे में टीम इंडिया 16 साल बाद घर पर कोई टेस्ट मैच इन दोनों दिग्गज स्पिनरों के बिना खेलने उतरेगी। इससे पहले 2010 में नागपुर टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐसा देखने को मिला था, जब दोनों खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू भी नहीं किया था।
IND vs AFG: कुलदीप यादव संभालेंगे स्पिन आक्रमण की कमान
अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में कुलदीप यादव भारतीय टीम के सबसे अनुभवी स्पिन गेंदबाज होंगे। पिछले कुछ वर्षों में कुलदीप ने अपनी गेंदबाजी से लगातार प्रभाव छोड़ा है और अब उन पर स्पिन विभाग की अगुवाई करने की जिम्मेदारी होगी। घरेलू परिस्थितियों में उनसे विकेट निकालने और विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की बड़ी उम्मीदें रहेंगी।
IND vs AFG: युवा स्पिनरों के पास खुद को साबित करने का मौका
भारतीय टीम ने इस मुकाबले (IND vs AFG) के लिए युवा स्पिनरों पर भी भरोसा जताया है। पहली बार टेस्ट स्क्वाड में शामिल किए गए हर्ष दुबे और मानव सुथार में से किसी एक को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर उनके सामने होगा। यह मैच उनके करियर के लिए भी बेहद अहम साबित हो सकता है।
IND vs AFG: वाशिंगटन सुंदर निभाएंगे अहम भूमिका
Khabar Monkey
स्पिन विभाग में वाशिंगटन सुंदर भी टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं। सुंदर गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं, जिससे टीम को अतिरिक्त संतुलन मिलेगा। अश्विन और जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में नई स्पिन यूनिट किस तरह प्रदर्शन करती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी। पिछले कुछ वर्षों में भारतीय स्पिनरों का घरेलू दबदबा अपेक्षित स्तर पर नहीं दिखा है, ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला नई स्पिन ब्रिगेड के लिए खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा।











