SportsViral

GT vs SRH: नीली नहीं लैवेंडर जर्सी में उतरी गुजरात टाइटंस, जानिए क्या है इसके पीछे की खास वजह

GT vs SRH: IPL में टीमें अपनी खास जर्सी से पहचानी जाती हैं, लेकिन 12 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फैंस उस समय चौंक गए जब गुजरात टाइटंस अपनी पारंपरिक नीली और गोल्डन जर्सी छोड़ लैवेंडर रंग की किट में मैदान पर उतरी। दरअसल इसके पीछे सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि एक बेहद भावुक और खास संदेश छिपा है। गुजरात टाइटंस लगातार चौथे साल कैंसर जागरूकता अभियान के तहत लैवेंडर जर्सी पहन रही है। फ्रेंचाइजी ने 2023 में इस पहल की शुरुआत की थी, ताकि कैंसर मरीजों, इससे जंग जीत चुके लोगों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन जताया जा सके। लैवेंडर रंग दुनियाभर में कैंसर के खिलाफ एकजुटता का प्रतीक माना जाता है।

GT vs SRH: नीली नहीं लैवेंडर जर्सी में उतरी गुजरात टाइटंस, जानिए क्या है इसके पीछे की खास वजह
GT vs SRH: नीली नहीं लैवेंडर जर्सी में उतरी गुजरात टाइटंस, जानिए क्या है इसके पीछे की खास वजह

GT ने शेयर किया खास वीडियो

फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा- 12 मई को टाइटंस लैवेंडर हो जाते हैं। हम SRH के खिलाफ मैदान पर एक बड़े मकसद के साथ उतर रहे हैं, कैंसर के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होकर। इस वीडियो में गुजरात टाइटंस के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने खास संदेश दिया। सिराज ने इस सीजन टीम के सफर और इस खास पहल पर खुलकर बात की।

सिराज ने कहा कि शुरुआत में खिलाड़ी और टीम दोनों के तौर पर काफी उतार-चढ़ाव रहे। लेकिन जिस तरह हमने वापसी की, उसके लिए हिम्मत चाहिए। पॉजिटिव रहना और वर्तमान में जीना बहुत जरूरी है। खुद को पूरी तरह झोंक देना चाहिए। उनके लिए सबसे अहम बात यही है कि उन्होंने अपना 100 प्रतिशत दिया या नहीं। उन्होंने आगे कहा कि भारत में कई लोग कैंसर से लड़ रहे हैं, इसलिए उनके साथ खड़ा होना बहुत जरूरी है। GT परिवार ने इस उद्देश्य के लिए कदम उठाया है और इसका हिस्सा बनकर उन्हें गर्व महसूस होता है। इसलिए यह मैच उनके लिए बेहद भावुक और खास है।

2023 में पहली बार पहनी थी लैवेंडर जर्सी

गुजरात टाइटंस के लिए लैवेंडर जर्सी में खेलने का इतिहास भी दिलचस्प रहा है। 2023 में टीम ने पहली बार इस खास किट में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला खेला था। उस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने अपना पहला IPL शतक जड़ा था और टीम ने 34 रन से जीत हासिल की थी। उसी जीत के साथ गुजरात प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी। IPL 2024 में KKR के खिलाफ लैवेंडर मैच बारिश की वजह से धुल गया था, जिससे टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। हालांकि 2025 में गुजरात ने लैवेंडर जर्सी में LSG को हराकर शानदार वापसी की थी। अब IPL 2026 में गुजरात टाइटंस की नजर SRH को हराकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करने पर होगी।

Khabar Monkey

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply