Greater Noida Bus Fire: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवारगुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे।

यमुना एक्सप्रेसवे पर अचानक लगी आग
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ। राज कल्पना ट्रैवल्स की बस संख्या BR32 PA8647 दिल्ली से महोबा जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस के अंदर चीखपुकार मच गई। यात्रियों में अफरातफरी फैल गई और अपनी जान बचाने के लिए कुछ लोग बस से नीचे कूदने लगे। हालांकि, इस भयावह हादसे में 9 यात्रियों की जान चली गई।
फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया आग पर काबू
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद बस को पूरी तरह ठंडा करने के लिए कूलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। हादसे के बाद बस में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका भी जताई गई। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए स्थिति का पता लगाने की कोशिश की गई। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
ग्रेटर नोएडा में हुए इस दर्दनाक बस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, मृतकों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
ये भी पढ़ें:
बस में आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए हैं।यह हादसा कई सवाल भी खड़े करता है। हालांकि, आग कैसे लगी और इसकी वजह क्या थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
ये भी पढ़ें: