Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मिरहची कस्बे में रहने वाली 12 साल की बच्ची की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया. तनु अपने परिवार के साथ रामनवमी पर मां चामुंडा के दर्शन करने कासगंज गई थी. परिजनों के मुताबिक, मंदिर में दर्शन करने के बाद मेले में उसने चाऊमीन खाई. कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिवार का कहना है कि चाऊमीन का टुकड़ा उसकी सांस की नली में फंस गया था, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी. परिजन आननफानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार के साथ दर्शन करने गई थी तनु
मिरहची कस्बे के रहने वाले शरद श्रीवास्तव का परिवार सोमवार को रामनवमी के अवसर पर कासगंज स्थित मां चामुंडा के मंदिर में दर्शन करने गया था. इससे पहले घर पर कन्यालांगुरों को भोजन कराया गया था. इसके बाद परिवार के सभी सदस्य माता रानी के दर्शन करने के लिए रवाना हुए. मंदिर में दर्शन करने के बाद परिवार के लोग परिसर में लगे मेले में घूमने लगे. इस दौरान उन्होंने आइसक्रीम, चाऊमीन समेत अन्य खाद्य सामग्री खरीदी. परिवार के सदस्यों के साथ 12 साल की तनु ने भी चाऊमीन खाई थी.
चाऊमीन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक, चाऊमीन खाने के कुछ देर बाद ही तनु की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. बताया गया कि चाऊमीन का टुकड़ा उसकी सांस की नली में फंस गया था, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी. बच्ची की हालत बिगड़ते देख परिवार के लोग घबरा गए. वे बिना देर किए तनु को कासगंज के कलावती अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
बच्ची की मौत से परिवार में पसरा मातम
तनु की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीखपुकार मच गई. जिस परिवार में रामनवमी के अवसर पर खुशियों का माहौल था, वहां कुछ ही देर में मातम छा गया. बच्ची की मौत से परिजन सदमे में हैं. परिजनों के मुताबिक, तनु के पिता शरद श्रीवास्तव के पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.