Diwali Special Sweets: दिवाली का पर्व जल्द ही आने वाला है। यह त्योहार भारत में बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन बाहर से कई तरह की मिठाइयां खरीदी जाती है। लेकिन त्योहार के समय में बाहर से मिठाइयां खरीदना आपकी सेहत बिगाड़ सकता है। ऐसे में बाजार की बजाय आप घर पर ही सुगर फ्री हेल्दी स्वीट डिश या मिठाइयां तैयार कर सकते हैं।

खास बात यह है कि इन मिठाइयों को बनाने के लिए मखाना, खजूर, नारियल, अंजीर, रागी और ड्राई फ्रूट्स जैसी चीजों की जरुरत पड़ेगी, जो कि आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। आइए जानते हैं दिवाली पर इन ड्राई फ्रूट्स से कैसे हेल्दी मिठाइयां बनाएं।
1. दिवाली पर बनाएं स्वादिष्ट मखाने की खीर
दिवाली के मौके पर अगर आप कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाना डिश चाहते हैं, तो मखाने की खीर अच्छा ऑप्शन है। इसे बनाना आसान है और इसमें दूध, मखाने और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल होता है।
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें और उसमें मखाने डालकर धीमी आंच पर हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। अब मखानों को ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पीस लें। इसके बाद एक बर्तन में दूध गर्म करें और उसमें पिसे हुए मखाने डाल दें।
इसे धीमी आंच पर पकाएं और बीचबीच में चलाते रहें, ताकि खीर बर्तन में चिपके नहीं। जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो इसमें इलायची पाउडर, बादाम और पिस्ता मिला दें। आखिर में गैस बंद करके जरूरत के अनुसार स्वीटनर डालें। आपकी स्वादिष्ट मखाने की खीर तैयार है। इसे गर्म या ठंडा दोनों तरह से परोस सकते हैं।
2. खजूर और ड्राई फ्रूट्स से बनाएं बिना चीनी वाले लड्डू
अगर आप रिफाइंड शुगर का इस्तेमाल किए बिना मीठा बनाना चाहते हैं, तो खजूर और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू ट्राय कर सकते हैं। खजूर की प्राकृतिक मिठास और मेवों का स्वाद इन लड्डुओं को खास बनाता है।
ऐसे बनाएं
सबसे पहले खजूर को गर्म पानी में करीब 10 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद बादाम, काजू, अखरोट और पिस्ता को एक पैन में हल्का भून लें। ठंडा होने पर इन्हें छोटे टुकड़ों में काट लें।
अब भीगे हुए खजूर को मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें। एक कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें खजूर का पेस्ट डालकर कुछ मिनट पकाएं। इसके बाद इसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर मिलाएं।
मिश्रण को अच्छी तरह चलाकर गैस बंद कर दें। थोड़ा ठंडा होने पर हाथों से छोटेछोटे लड्डू बना लें। ऊपर से नारियल का बुरादा लगाएं। स्वादिष्ट खजूर और ड्राई फ्रूट्स के लड्डू तैयार हैं।
3. नारियल और अंजीर की मिठाई
नारियल से बनी मिठाइयां पसंद हैं, तो इस बार दिवाली पर अंजीर और नारियल की मिठाई जरूर बनाएं। इसमें अंजीर की प्राकृतिक मिठास के साथ नारियल और बादाम का स्वाद मिलता है। आप इसे लड्डू या बर्फी दोनों का आकार दे सकते हैं।
बनाने का तरीका
सबसे पहले सूखे अंजीर को गर्म पानी में करीब 15 मिनट के लिए भिगो दें। जब अंजीर नरम हो जाएं, तो इन्हें मिक्सी में पीसकर पेस्ट तैयार कर लें।
अब एक पैन में घी गर्म करें और उसमें नारियल का बुरादा डालकर हल्का भून लें। इसके बाद अंजीर का पेस्ट और बारीक कटे हुए बादाम डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
मिश्रण को धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक यह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। अब गैस बंद करके मिश्रण को ठंडा होने दें। इसके बाद इसे छोटेछोटे लड्डू या बर्फी का आकार दें। ऊपर से नारियल का बुरादा लगाकर सर्व करें।
4. रागी और तिल के लड्डू से बनाएं दिवाली खास
अगर आप हर साल एक जैसी मिठाइयां बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस दिवाली रागी और तिल के लड्डू बनाकर देख सकते हैं। रागी का आटा, तिल और खजूर मिलकर इन लड्डुओं को अलग स्वाद देते हैं। इन्हें बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता।
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक कड़ाही में रागी का आटा डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भून लें। जब इसमें से हल्की खुशबू आने लगे, तो सफेद तिल डालकर कुछ देर और भूनें।
अब खजूर को मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें। तैयार रागी और तिल के मिश्रण में खजूर का पेस्ट, कटे हुए बादाम और इलायची पाउडर डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं।
अगर मिश्रण सूखा लगे, तो इसमें थोड़ा घी मिला सकते हैं। मिश्रण हल्का गर्म रहे, तभी हाथों से छोटेछोटे लड्डू बना लें। इन्हें ठंडा करके एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें।
दिवाली पर घर की बनी मिठाइयां क्यों हैं बेहतर?
घर पर मिठाई बनाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार सामग्री चुन सकते हैं। मिठास के लिए खजूर या सीमित मात्रा में स्वीटनर का इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही, इसमें इस्तेमाल होने वाले घी, ड्राई फ्रूट्स और अन्य सामग्री की मात्रा भी खुद तय कर सकते हैं।
नोट: इस लेख में दी गई जानकारियां सामान्य सूचनाओं पर आधारित है। बंसल न्यूज इसकी पुष्टि नहीं करता। अमल में लाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें।