Badrinath Donation Scam Case: विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की रकम में हुई हेराफेरी के चर्चित मामले में विशेष जांच दल ने अपनी जांच पूरी कर ली है। करीब पांच महीने तक चली गहन पड़ताल के बाद एसआईटी ने 300 पन्नों की विस्तृत जांच रिपोर्ट राज्य शासन को सौंप दी है। इस रिपोर्ट में न केवल मंदिर समिति की आंतरिक व्यवस्था की खामियों को उजागर किया गया है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए देश के 14 प्रमुख मंदिरों की तर्ज पर बड़े बदलावों के सुझाव भी दिए गए हैं।

कुछ ही समय के अंतराल में हुआ था पूरा खेल
एसआईटी की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी लंबे समय से नहीं चल रही थी, बल्कि कुछ ही समय के अंतराल में इस पूरे खेल को अंजाम दिया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों, दफ्तर खुलनेबंद होने के समय और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के आनेजाने के रिकॉर्ड का बारीकी से मिलान किया है।
प्रबंधन की खामियां उजागर
रिपोर्ट में श्री बद्रीनाथकेदारनाथ मंदिर समिति की प्रबंधन व्यवस्था की कमियों का जिक्र किया गया है। मंदिर एक्ट के मुताबिक, दान की धनराशि पर अधिकार देवता का होता है, जबकि उसकी देखरेख और प्रबंधन की जिम्मेदारी बीकेटीसी की है, जिसमें चूक पाई गई।
14 बड़े मंदिरों का किया गया अध्ययन
व्यवस्था में सुधार के लिए जांच टीम ने तिरुपति बालाजी , वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास सहित उत्तर और दक्षिण भारत के 14 प्रमुख मंदिरों के एक्ट, सुरक्षा और प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन किया है।
व्यवस्था सुधार के लिए SIT के प्रमुख सुझाव
भविष्य में चढ़ावे की गिनती को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए एसआईटी ने सरकार को कई अहम सुझाव दिए हैं:
कांच की दीवारों वाला गिनती कक्ष
तिरुपति मंदिर की तर्ज पर चढ़ावे की गिनती के लिए ऐसा हॉल बनाया जाए, जिसकी दीवारें कांच की हों ताकि पूरी प्रक्रिया बाहर से भी साफ देखी जा सके।
360 डिग्री कैमरों से लाइव निगरानी:
गिनती कक्ष के हर कोने पर हाईडेफिनिशन कैमरे लगाए जाएं और कंट्रोल रूम से सुरक्षा अधिकारी हर गतिविधि की लाइव निगरानी करें।
बिना जेब वाले कपड़े और सख्त तलाशी:
गिनती प्रक्रिया में शामिल होने वाले कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को बिना जेब वाले विशेष कपड़े पहनाए जाएं। इसके साथ ही प्रवेश और निकास पर मेटल डिटेक्टर और सुरक्षाकर्मियों द्वारा सख्त तलाशी अनिवार्य की जाए।
हाईस्पीड मशीनों और बैंक अफसरों की मौजूदगी:
नकदी की गिनती और नकली नोटों की पहचान के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग हो और यह पूरी प्रक्रिया बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हो।
कीमती धातुओं और विदेशी मुद्रा का अलग प्रबंधन:
दान में मिलने वाले सोनेचांदी के आभूषणों की शुद्धता व वजन जांचने के लिए सरकारी ज्वैलर्स और विदेशी मुद्रा के लिए अलग डेस्क की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन के लिए बायोमेट्रिक टोकन, आरएफआईडी बैंड और एआई आधारित कैमरों के इस्तेमाल की भी सिफारिश की गई है।
क्या था पूरा मामला?
इसी साल 2 जुलाई को बद्रीनाथ धाम में ‘थाली भेंट’ यानी चढ़ावे की गिनती में हेराफेरी का मामला सामने आया था। मामला उजागर होने के बाद सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने पर बीकेटीसी के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल और पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान सहित तीन आरोपियों पर शिकंजा कसा गया था। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने पुष्टि की है कि जांच पूरी कर रिपोर्ट और भविष्य के सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव शासन को भेज दिए गए हैं।