Mandsaur News: मंदसौर जिले में इस्माइल उर्फ भुरा की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. नई आबादी थाना पुलिस ने मृतक के भाई मोहम्मद ईशाक और पत्नी मुस्कान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या में मृतक का साला शाकिर भी शामिल था, जो वारदात के बाद से फरार है. उसकी तलाश की जा रही है. आरोपियों का एक फोटो सामने आया है, जिसमें वह मृतक इस्माइल को बाइक पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं.

सड़क किनारे मिला था इस्माइल का शव
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को इस्माइल उर्फ भुरा का शव खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान जगह पर मिला था. मृतक के भाई मोहम्मद ईशाक ने ही पुलिस को सूचना दी थी. उसने बताया था कि उसका भाई सड़क किनारे अचेत हालत में पड़ा है. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में मामला दुर्घटना या नशे में मौत का लग रहा था. हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस को शक हुआ. इसके बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मकान बेचने को लेकर था विवाद
पुलिस की जांच में हत्या की वजह मकान बेचने को लेकर विवाद और पारिवारिक कलह सामने आई है. पुलिस के अनुसार, मृतक का भाई मकान बेचना चाहता था. उसे उम्मीद थी कि मकान बेचने से अच्छी रकम मिलेगी, लेकिन इस्माइल इसके लिए तैयार नहीं था. इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था.
वहीं, पुलिस के मुताबिक इस्माइल शराब पीने के बाद घर में पत्नी के साथ झगड़ा और मारपीट करता था. इससे उसकी पत्नी मुस्कान भी परेशान थी. पुलिस का कहना है कि इन्हीं पारिवारिक विवादों के बीच तीनों आरोपियों ने मिलकर इस्माइल की हत्या की.
सिर पर डंडे से वार, फिर गला घोंटा
पुलिस के अनुसार, इस्माइल के भाई ईशाक, पत्नी मुस्कान और साले शाकिर ने मिलकर पहले उसके सिर पर डंडे से हमला किया. इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घटनास्थल से हटाकर सुनसान जगह पर फेंक दिया. पुलिस के मुताबिक, शव को बाइक से खिलचीपुरानालछा माता मंदिर रोड के पास ले जाया गया. इसमें मृतक की पत्नी मुस्कान ने भी मदद की. इसके बाद हत्या को दुर्घटना या नशे में हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई.
आरोपी भाई ही बन गया फरियादी
हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का भाई ईशाक खुद थाने पहुंचा और घटना की सूचना दी. उसने पुलिस को बताया कि उसका भाई सड़क किनारे पड़ा मिला है. हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं. पूछताछ में पुलिस को हत्या में परिवार के लोगों के शामिल होने का सुराग मिला.
2 गिरफ्तार, साले की तलाश जारी
नई आबादी थाना पुलिस ने मामले में मोहम्मद ईशाक और मृतक की पत्नी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मृतक का साला शाकिर फरार है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस अंधे कत्ल का खुलासा 24 घंटे के भीतर कर लिया गया.